हजारीबाग शहर के बड़ा बाजार रोड स्थित सरदार चौक क्षेत्र में बुधवार देर रात भीषण आग लगने से एक दवा दुकान पूरी तरह जलकर राख हो गई। घटना रात करीब 12 बजे की बताई जा रही है जब अचानक क्यूरिक्स फार्मा नामक मेडिकल स्टोर से धुआं और आग की तेज लपटें उठने लगीं।दुकान के संचालक ऋषभ कुमार को जैसे ही घटना की जानकारी मिली वे तुरंत मौके पर पहुंचे लेकिन तब तक आग विकराल रूप ले चुकी थी और पूरी दुकान को अपनी चपेट में ले चुकी थी।आग लगते ही आसपास के इलाके में अफरा-तफरी मच गई और लोगों में दहशत का माहौल बन गया। स्थानीय लोगों ने तुरंत इसकी सूचना फायर ब्रिगेड और पुलिस को दी।सूचना मिलते ही दमकल विभाग की टीम मौके पर पहुंची और कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया गया। हालांकि तब तक दुकान पूरी तरह जलकर खाक हो चुकी थी। इस घटना में लाखों रुपये के नुकसान की आशंका जताई जा रही है।फिलहाल आग लगने के कारणों का स्पष्ट पता नहीं चल सका है लेकिन प्रारंभिक तौर पर शॉर्ट सर्किट की आशंका जताई जा रही है। पुलिस मामले की जांच में जुट गई है।