देवघर में सिरकटी युवक की लाश मिलने के बाद हालात तनावपूर्ण हो गए हैं। ठाढ़ी मैदान से बरामद शव ने इलाके में आक्रोश की चिंगारी भड़का दी जिसके बाद मंगलवार को परिजन और स्थानीय लोग सड़क पर उतर आए।आक्रोशित लोगों ने वैद्यनाथपुर चौक पर शव रखकर सड़क जाम कर दिया और जमकर विरोध प्रदर्शन किया। देखते ही देखते वैद्यनाथपुर से विदेशी चौक तक यातायात पूरी तरह ठप हो गया जिससे आम लोगों को भारी परेशानियों का सामना करना पड़ा।प्रदर्शनकारियों ने टायर जलाकर आगजनी की और पुलिस प्रशासन हाय हाय के नारे लगाते हुए आरोपियों की जल्द गिरफ्तारी की मांग की। परिजन का कहना है कि जब तक दोषियों की गिरफ्तारी नहीं होगी तब तक आंदोलन जारी रहेगा।स्थिति की गंभीरता को देखते हुए एसडीपीओ अशोक सिंह और थाना प्रभारी राजीव कुमार भारी पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे और भीड़ को समझाने का प्रयास किया। हालांकि खबर लिखे जाने तक प्रदर्शन जारी था और इलाके में तनाव बना हुआ है।गौरतलब है कि सोमवार को मिली सिरकटी लाश ने पूरे देवघर क्षेत्र को दहला दिया है। पुलिस मामले की जांच में जुटी है और जल्द खुलासा करने का दावा कर रही है।