पलामू जिले के छतरपुर क्षेत्र में बढ़ते पेयजल संकट को लेकर अब जनप्रतिनिधि सक्रिय हो गए हैं। नगर पंचायत अध्यक्ष अरविंद गुप्ता उर्फ चुनमुन ने झारखंड सरकार के पीएचईडी सह उत्पाद मंत्री योगेंद्र महतो से मुलाकात कर बहुप्रतीक्षित सोन जलापूर्ति योजना को जल्द शुरू कराने की मांग की।नगर अध्यक्ष ने मंत्री को बताया कि सोन पेयजलापूर्ति योजना वर्षों से अधर में लटकी हुई है। निर्माण कार्य शुरू होने के बावजूद अब तक क्षेत्र में जलापूर्ति शुरू नहीं हो पाई है जिससे स्थानीय लोगों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।उन्होंने कहा कि यदि इस योजना को जल्द शुरू कर दिया जाए तो छतरपुर सहित आसपास के क्षेत्रों के लाखों लोगों को बड़ी राहत मिल सकती है। वर्तमान में लोग पानी के लिए दूर-दूर तक भटकने को मजबूर हैं।मंत्री योगेंद्र महतो ने इस मुद्दे को गंभीरता से लेते हुए आश्वासन दिया कि विभाग जल्द आवश्यक कदम उठाएगा और जलापूर्ति शुरू कराने की दिशा में कार्य किया जाएगा।मंत्री द्वारा सकारात्मक पहल किए जाने पर नगर अध्यक्ष ने उनका आभार व्यक्त किया और उम्मीद जताई कि जल्द ही क्षेत्रवासियों को पेयजल संकट से राहत मिलेगी।