धनबाद जिले के बाघमारा प्रखंड अंतर्गत महुदा क्षेत्र की कुंजी बस्ती में एक परिवार पिछले कई वर्षों से जानलेवा खतरे के बीच जीवन जीने को मजबूर है। परिवार के घर के ठीक ऊपर से गुजर रही 11 हजार वोल्ट की हाईटेंशन बिजली तार बेहद नीचे झूल रही है जिससे हर वक्त हादसे का डर बना हुआ है।परिवार के मुखिया भरत महतो ने बताया कि यह तार उनके घर के दरवाजे के सामने इतनी नीचे है कि कभी भी बड़ा हादसा हो सकता है। खासकर बारिश के दिनों में हालात और भयावह हो जाते हैं जब जमीन तक करंट का असर महसूस होता है और पैरों में झनझनाहट होने लगती है। उन्होंने यह भी बताया कि पहले इसी तार की चपेट में आकर उनका एक बच्चा झुलस चुका है।परिवार ने कई बार बिजली विभाग को शिकायत दी लेकिन अब तक कोई ठोस कार्रवाई नहीं हुई। भरत महतो की पत्नी धनवा देवी ने बताया कि इस खतरे का असर अब उनके बेटे की शादी पर भी पड़ रहा है। लोग रिश्ता लेकर आते हैं लेकिन जैसे ही आंगन में झूलती तार देखते हैं डर कर वापस लौट जाते हैं उन्होंने कहा।किशन महतो ने भी विभाग पर लापरवाही का आरोप लगाते हुए कहा कि बार बार आवेदन देने के बावजूद सिर्फ आश्वासन ही मिला है समाधान नहीं।इस मामले में बिजली विभाग के जेई सोनू समाद ने कहा कि समस्या को गंभीरता से लिया गया है और जल्द ही तार को ऊंचा करने के साथ सुरक्षा के लिए जाली लगाने का कार्य किया जाएगा ताकि किसी प्रकार की दुर्घटना न हो।यह मामला केवल एक परिवार की परेशानी नहीं बल्कि सिस्टम की लापरवाही की तस्वीर भी पेश करता है। 11 हजार वोल्ट की यह झूलती तार कभी भी बड़े हादसे को न्योता दे सकती है। फिलहाल परिवार हर दिन डर और असुरक्षा के बीच जीवन जीने को मजबूर है।