जामताड़ा अनियमितताओं पर सिटी हॉस्पिटल सील
जामताड़ा में स्वास्थ्य सेवाओं को लेकर
लगातार मिल रही शिकायतों के बीच प्रशासन ने सख्त कदम उठाते हुए सिटी हॉस्पिटल को
सील कर दिया। यह कार्रवाई उपायुक्त डीसी के निर्देश पर की गई, जिससे जिले में
हड़कंप मच गया।बुधवार को प्रशासनिक टीम ने मिहिजाम रोड स्थित सिटी हॉस्पिटल का औचक
निरीक्षण किया, जिसमें कई गंभीर अनियमितताएं सामने आईं। निरीक्षण के दौरान
पाया गया कि अस्पताल में आवश्यक लाइसेंस और मानकों का पालन नहीं किया जा रहा था।
कई विभाग बिना उचित अनुमति के संचालित हो रहे थे वहीं साफ सफाई और मरीजों की देखभाल में भी भारी लापरवाही देखी गई।जांच
टीम ने अस्पताल प्रबंधन से जरूरी दस्तावेज प्रस्तुत करने को कहा लेकिन वे संतोषजनक जवाब नहीं दे सके। इस पूरे मामले को गंभीरता
से लेते हुए डीसी ने तत्काल प्रभाव से अस्पताल को सील करने का आदेश दिया।मौके पर
मौजूद अधिकारियों ने कार्रवाई करते हुए अस्पताल को बंद कर दिया और वहां भर्ती
मरीजों को अन्य अस्पतालों में शिफ्ट करने की व्यवस्था की गई। प्रशासन ने स्पष्ट
किया कि जनता के स्वास्थ्य के साथ किसी भी प्रकार का खिलवाड़ बर्दाश्त नहीं किया
जाएगा।अधिकारियों ने बताया कि जिले में संचालित सभी निजी अस्पतालों और क्लीनिकों
की जांच की जाएगी। जिन संस्थानों में नियमों का उल्लंघन पाया जाएगा उनके खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाएगी। इस कार्रवाई के बाद जिले
के अन्य अस्पताल संचालकों में भी हड़कंप है और वे अपने दस्तावेजों को दुरुस्त करने
में जुट गए हैं।प्रशासन की इस कार्रवाई को आम जनता ने सराहा है और उम्मीद जताई है
कि इससे स्वास्थ्य सेवाओं में सुधार होगा तथा मरीजों को बेहतर सुविधा मिल सकेगी।














