धनबाद जिले से एक बेहद दर्दनाक घटना सामने आई है जहां आवारा कुत्तों के हमले में एक 7 वर्षीय मासूम की मौत हो गई। घटना गोंन्दुडीह ओपी क्षेत्र के भोला नाथ बसेरिया 4 नंबर की है जहां अंजीत कुमार नामक बच्चा सुबह घर से कुछ दूरी पर शौच के लिए गया था।बताया जा रहा है कि इसी दौरान आवारा कुत्तों के झुंड ने उस पर हमला कर दिया और शरीर के कई हिस्सों में गंभीर रूप से काट लिया। हमले में घायल बच्चा मौके पर ही दम तोड़ बैठा। कुछ देर बाद उसका शव घर से थोड़ी दूरी पर हनुमान मंदिर के पास मिला जिससे इलाके में सनसनी फैल गई।घटना की सूचना मिलते ही परिजन मौके पर पहुंचे और उनका रो रोकर बुरा हाल हो गया। आसपास के लोग भी बड़ी संख्या में घटनास्थल पर जुट गए।मृतक के पिता कुंदन यादव ने बताया कि उनका बेटा सुबह शौच के लिए गया था तभी कुत्तों ने उस पर हमला कर दिया। वहीं स्थानीय समाजसेवी टुनटुन यादव और अन्य ग्रामीणों ने नगर निगम पर गंभीर लापरवाही का आरोप लगाया है। उनका कहना है कि निगम द्वारा रात में आवारा कुत्तों को इलाके में छोड़ दिया जाता है, जिससे पहले भी कई घटनाएं हो चुकी हैं।वार्ड 13 के पार्षद प्रतिनिधि ने भी घटना को दुखद बताते हुए कहा कि निगम को कई बार इस समस्या से अवगत कराया गया था लेकिन कोई ठोस कार्रवाई नहीं हुई। उन्होंने पीड़ित परिवार को उचित मुआवजा दिलाने का आश्वासन दिया।घटना की सूचना पर गोंन्दुडीह ओपी पुलिस मौके पर पहुंची और मामले की जांच में जुट गई है। इस हादसे के बाद पूरे इलाके में शोक और आक्रोश का माहौल है।