छतरपुर होल्डिंग टैक्स विरोध
छतरपुर पलामू झारखंड के नगर निकायों में
होल्डिंग टैक्स की दरों में हालिया 10
प्रतिशत बढ़ोतरी को लेकर छतरपुर नगर
पंचायत के अध्यक्ष अरविंद गुप्ता चुनमुन
ने नाराज़गी जताई है।उन्होंने नगर विकास
मंत्री और विभागीय सचिव को पत्र लिखकर इस बढ़ोतरी पर पुनर्विचार करने की मांग की
है। अपने पत्र में उन्होंने कहा कि छतरपुर में पहले से ही होल्डिंग टैक्स की दर
अधिक है जिससे आम नागरिकों
खासकर निम्न आय वर्ग पर अतिरिक्त आर्थिक बोझ पड़ रहा है।उन्होंने यह भी बताया कि
समय पर टैक्स नहीं जमा करने पर लगने वाला जुर्माना और पेनाल्टी गरीब परिवारों की
परेशानी को और बढ़ा देता है।नगर अध्यक्ष के अनुसार छतरपुर क्षेत्र के
करीब 90 प्रतिशत लोग किसान और छोटे व्यवसायी हैं साथ ही यह इलाका
पूर्व में नक्सल प्रभावित भी रहा है
जिससे यहां की आर्थिक स्थिति पहले से ही
कमजोर है।ऐसे में 10 प्रतिशत टैक्स वृद्धि से लोगों में असंतोष बढ़ रहा है। उन्होंने
सरकार से मांग की है कि इस बढ़ोतरी को वापस लिया जाए और पहले से निर्धारित दरों
में भी कटौती कर आम जनता को राहत दी जाए।














