जामताड़ा जिले में जनगणना 2027 के प्रथम चरण के तहत स्व गणना Self Enumeration प्रक्रिया की विधिवत शुरुआत हो गई है। शुक्रवार को उपायुक्त सह जिला दंडाधिकारी आलोक कुमार ने अपने आवासीय कार्यालय में स्वयं ऑनलाइन फॉर्म भरकर इस अभियान का शुभारंभ किया।इस मौके पर उपायुक्त ने जिलेवासियों से अपील की कि वे स्व गणना प्रक्रिया में बढ़ चढ़कर हिस्सा लें और इस राष्ट्रीय कार्य को सफल बनाएं। उन्होंने कहा कि जनगणना देश के विकास की आधारशिला है क्योंकि इसके आंकड़ों के आधार पर ही सरकार विभिन्न योजनाओं का निर्माण और क्रियान्वयन करती है।उपायुक्त ने जानकारी दी कि स्व-गणना का कार्य 1 मई से 15 मई 2026 तक किया जाएगा। इसके बाद 16 मई से 14 जून 2026 तक प्रगणक घर-घर जाकर मकान सूचीकरण और आवास गणना करेंगे। वहीं जनसंख्या गणना का दूसरा चरण फरवरी 2027 में पूरा किया जाएगा।उन्होंने बताया कि नागरिक वेबसाइट के माध्यम से आसानी से ऑनलाइन फॉर्म भर सकते हैं जिससे समय की बचत होगी और प्रक्रिया सरल बनेगी। साथ ही उन्होंने लोगों से अपील की कि वे सभी जानकारी सही और पूरी दें ताकि आंकड़ों की विश्वसनीयता बनी रहे।उपायुक्त ने साइबर ठगी से सावधान रहने की सलाह देते हुए स्पष्ट किया कि जनगणना के नाम पर किसी भी तरह की ओटीपी या बैंक जानकारी नहीं मांगी जाएगी। उन्होंने कहा कि सभी सूचनाएं पूरी तरह गोपनीय रखी जाएंगी और उनका उपयोग केवल विकास कार्यों के लिए किया जाएगा।