दुमका समाहरणालय सभागार में उपायुक्त अभिजीत सिन्हा द्वारा भारत की जनगणना 2027 के प्रथम चरण को लेकर प्रेस कॉन्फ्रेंस आयोजित की गई। इस दौरान उन्होंने जनगणना की प्रक्रिया समय सारणी और नागरिकों के लिए आवश्यक दिशा निर्देशों की विस्तृत जानकारी दी।उपायुक्त ने बताया कि जनगणना 2027 के प्रथम चरण में मकान सूचीकरण एवं मकानों की गणना की जाएगी। इसके लिए 1 मई से 15 मई 2026 तक स्व गणना Self Enumeration की सुविधा उपलब्ध रहेगी। इच्छुक नागरिक आधिकारिक पोर्टल https://se.census.gov.in पर जाकर अपने मोबाइल नंबर के माध्यम से ओटीपी लॉगिन कर स्वयं अपनी जानकारी दर्ज कर सकते हैं।स्व-गणना के दौरान नागरिकों को राज्य जिला और स्थानीय जानकारी दर्ज कर डिजिटल मानचित्र पर अपने घर का स्थान चिन्हित करना होगा। सभी विवरण भरने के बाद एक SE-ID प्राप्त होगा जिसे प्रगणक के फील्ड विज़िट के समय साझा करना होगा। इसके बाद प्रगणक द्वारा जानकारी की पुष्टि की जाएगी।उपायुक्त ने स्पष्ट किया कि 16 मई से 14 जून 2026 तक प्रगणक घर घर जाकर मकान सूचीकरण एवं गणना का कार्य करेंगे। यदि कोई व्यक्ति स्व-गणना नहीं करता है तो भी प्रगणक उनके घर पहुंचकर जानकारी दर्ज करेंगे।उन्होंने नागरिकों को सतर्क करते हुए कहा कि किसी भी प्रकार का OTP साझा न करें न ही निर्धारित 33 प्रश्नों के अलावा अन्य जानकारी दें। जनगणना के लिए किसी प्रकार का शुल्क नहीं है, इसलिए किसी को पैसे न दें। साथ ही प्रगणक की पहचान सुनिश्चित करने के बाद ही जानकारी साझा करें।उपायुक्त ने बताया कि जिले में इस कार्य के लिए लगभग 3500 अधिकारियों और कर्मचारियों की नियुक्ति की गई है। उन्होंने लोगों से अपील की कि वे सही और सटीक जानकारी देकर इस राष्ट्रीय कार्य में सहयोग करें।प्रेस कॉन्फ्रेंस में जिला स्तर के वरीय पदाधिकारी एवं मीडिया प्रतिनिधि भी मौजूद रहे।