देवघर जिले के मधुपुर थाना क्षेत्र में सीएसपी संचालक से लूट की घटना के बाद भी पुलिस कार्रवाई नहीं होने से ग्रामीणों में भारी आक्रोश देखने को मिल रहा है।मामला मधुपुर सारठ मुख्य मार्ग पर लालगढ़ स्कूल के पास 27 अप्रैल का है जहां CSP संचालक मोईन अंसारी से अपराधियों ने करीब 1 लाख 80 हजार रुपये तीन एटीएम कार्ड और दो मोबाइल लूट लिए थे।घटना के बाद पीड़ित द्वारा नामजद प्राथमिकी दर्ज कराई गई थी लेकिन पांच दिन बीत जाने के बावजूद अब तक आरोपियों की गिरफ्तारी नहीं हो सकी है। इससे पीड़ित और स्थानीय ग्रामीणों में नाराजगी बढ़ती जा रही है।पीड़ित मोईन अंसारी का कहना है कि घटना के बाद अपराधी अपनी बाइक छोड़कर फरार हो गए थे जिसे पुलिस ने जब्त कर लिया है। उन्होंने यह भी आरोप लगाया कि उन्होंने आरोपियों की पहचान कर ली है इसके बावजूद पुलिस अब तक कोई ठोस कार्रवाई नहीं कर रही है।ग्रामीणों ने चेतावनी दी है कि यदि जल्द ही आरोपियों की गिरफ्तारी नहीं हुई तो वे आंदोलन के लिए बाध्य होंगे। इस घटना ने क्षेत्र में कानून व्यवस्था को लेकर भी कई सवाल खड़े कर दिए हैं।फिलहाल पुलिस मामले की जांच में जुटी हुई है लेकिन गिरफ्तारी नहीं होने से लोगों में असंतोष लगातार बढ़ रहा है।