हजारीबाग बड़कागांव में बीते 7 फरवरी को दिनदहाड़े हुई लूट और गोलीबारी की घटना के विरोध में सोमवार को व्यावसायिक संघ ने एकदिवसीय स्वैच्छिक बंद का आह्वान किया। श्मशान घाट सेवा समिति के आह्वान पर बड़कागांव के सभी व्यवसायियों ने अपनी दुकानें बंद रखीं और घटना के खिलाफ कड़ा विरोध दर्ज कराया।बताया जाता है कि 7 फरवरी को बड़कागांव डेली मार्केट के समीप नंदनी ज्वेलर्स दुकान में लूट कांड के दौरान संचालक प्रभु सोनी के हाथ से करीब 22 लाख रुपये मूल्य के जेवरात की लूट की गई थी। इस दौरान अपराधियों द्वारा गोलीबारी भी की गई थी जिससे क्षेत्र में दहशत फैल गई थी।घटना के विरोध में बड़कागांव व्यावसायिक संघ ने बैठक कर अपनी सुरक्षा को लेकर गहन विचार विमर्श किया। बैठक में बड़कागांव इंस्पेक्टर ललित कुमार भी पहुंचे और व्यवसायियों को आश्वासन दिया कि पुलिस मामले की गहन छानबीन कर रही है तथा जल्द ही अपराधियों को गिरफ्तार कर जेल भेजा जाएगा।व्यावसायिक संघ की ओर से बड़कागांव पुलिस प्रशासन को एक लिखित आवेदन सौंपते हुए कई मांगें रखी गईं। इनमें 7 फरवरी की लूट और गोलीबारी कांड का शीघ्र उद्भेदन अपराधियों की अविलंब गिरफ्तारी बड़कागांव के चौक चौराहों पर सीसीटीवी कैमरे लगाने नो एंट्री नियमों का सख्ती से पालन कराने की मांग शामिल है  ताकि आम नागरिकों विद्यार्थियों और एंबुलेंस को सुचारू आवागमन मिल सके और भारी वाहनों से होने वाली दुर्घटनाओं पर रोक लगाई जा सके।वहीं इस मामले को लेकर बड़कागांव थाना प्रभारी कृष्ण कुमार गुप्ता ने बताया कि पुलिस लगातार जांच कर रही है और जल्द ही लूट व गोलीबारी मामले का खुलासा कर लिया जाएगा।इस अवसर पर पूर्व विधायक लोकनाथ महतो, सिविल सोसाइटी प्रखंड अध्यक्ष मनोज गुप्ता कांग्रेस नेता रामसेवक सोनी सांसद प्रतिनिधि सह मुखिया संघ अध्यक्ष रंजीत कुमार श्मशान घाट सेवा समिति अध्यक्ष दिनेश सिन्हा आदित्य साहू सोनी शशि मेहता सरोज सोनी इंगलेश सोनी रूपेश कुमार वर्मा पारस कुमार सोनी संतोष कुमार सोनी मुकेश वर्मा पप्पू सोनी सहित दर्जनों व्यवसायी और सामाजिक कार्यकर्ता उपस्थित थे।