गिरिडीह नगर निगम चुनाव को लेकर गिरिडीह पहुंचे भाजपा प्रदेश अध्यक्ष बागियों पर सख्त रुख
गिरिडीह नगर निगम चुनाव को लेकर भारतीय जनता पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष आदित्य साहू
सोमवार को गिरिडीह पहुंचे। इस दौरान
उन्होंने पार्टी पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं के साथ बैठक कर चुनावी रणनीति पर
विस्तृत चर्चा की।पत्रकारों से बातचीत के दौरान भाजपा प्रदेश अध्यक्ष ने पार्टी के
भीतर बगावत यानी बागी उम्मीदवारों के मुद्दे पर सख्त रुख अपनाया। उन्होंने स्पष्ट
कहा कि संगठन पूरी स्थिति पर नजर बनाए हुए है और जो भी पार्टी अनुशासन के खिलाफ
जाएगा, उस पर संगठन स्तर पर विचार कर उचित कार्रवाई की जाएगी।आदित्य
साहू ने कहा कि भाजपा एक अनुशासित संगठन है
जहां विचारधारा और संगठन सर्वोपरि है।
नगर निगम चुनाव भले ही स्थानीय स्तर का हो
लेकिन पार्टी की मर्यादा और सिद्धांतों
से कोई समझौता नहीं किया जा सकता। उन्होंने यह भी संकेत दिया कि बागी उम्मीदवारों
को लेकर संगठन जल्द ही अपना निर्णय सार्वजनिक करेगा।वहीं गिरिडीह में कांग्रेस
द्वारा अपने बागी नेताओं पर की गई कार्रवाई के सवाल पर भाजपा प्रदेश अध्यक्ष ने
कांग्रेस पर तीखा हमला बोला। उन्होंने कहा कि कांग्रेस वंशवादियों की पार्टी है जहां परिवार और खास लोगों को प्राथमिकता दी जाती है जबकि भाजपा कार्यकर्ताओं की पार्टी है। भाजपा में एक सामान्य
कार्यकर्ता भी मेहनत और निष्ठा के बल पर आगे बढ़ सकता है।उन्होंने आगे कहा कि नगर
निगम चुनाव में भाजपा पूरी मजबूती के साथ मैदान में है और जनता का भरोसा पार्टी के
साथ है। विकास पारदर्शिता और जनसेवा भाजपा की प्राथमिकता है। पार्टी नेतृत्व
और संगठन मिलकर चुनावी हालात का आकलन कर रहे हैं और आने वाले दिनों में रणनीति के
अनुरूप निर्णय लिए जाएंगे।प्रदेश अध्यक्ष के इस बयान के बाद गिरिडीह में राजनीतिक
सरगर्मी और तेज हो गई है। अब सभी की निगाहें इस पर टिकी हैं कि भाजपा संगठन बागी
उम्मीदवारों को लेकर क्या ठोस कदम उठाता है और इसका नगर निगम चुनाव पर क्या असर
पड़ता है।














