भवनाथपुर शुल्क विवाद
भवनाथपुर में
स्वास्थ्य सेवाओं को लेकर उठे अतिरिक्त शुल्क वसूली के आरोपों पर प्रभारी चिकित्सा
पदाधिकारी दिनेश सिंह ने स्पष्ट प्रतिक्रिया दी है। उन्होंने इन आरोपों को सिरे से
खारिज करते हुए कहा कि मरीजों से केवल जिला प्रशासन द्वारा निर्धारित शुल्क ही
लिया जा रहा है।उन्होंने जानकारी देते हुए बताया कि प्लेट के लिए 130 रुपये तथा सर्विसिंग चार्ज के रूप में 20
रुपये निर्धारित है। इस प्रकार कुल 150
रुपये ही लिए जाते हैं और इसके अतिरिक्त
किसी भी प्रकार का कोई अलग शुल्क नहीं लिया जा रहा है।दिनेश सिंह ने कहा कि हाल के
दिनों में कुछ लोगों द्वारा गलत जानकारी फैलाकर अस्पताल की छवि को खराब करने की
कोशिश की जा रही है। उन्होंने इसे पूरी तरह निराधार और बेबुनियाद बताया। साथ ही
कहा कि अस्पताल प्रबंधन पूरी पारदर्शिता के साथ कार्य कर रहा है और सभी शुल्क
सरकार द्वारा तय मानकों के अनुरूप ही लिए जा रहे हैं।उन्होंने आम जनता से अपील की
कि वे अफवाहों पर ध्यान न दें। यदि किसी को किसी प्रकार की शिकायत हो तो सीधे अस्पताल
प्रबंधन या संबंधित अधिकारियों से संपर्क करें।साथ ही उन्होंने यह भी स्पष्ट किया
कि अगर कोई कर्मचारी निर्धारित शुल्क से अधिक राशि वसूलते पाया जाता है तो उसके खिलाफ सख्त
कार्रवाई की जाएगी।प्रभारी चिकित्सा पदाधिकारी ने कहा कि अस्पताल में मरीजों को
बेहतर सुविधाएं उपलब्ध कराने के लिए लगातार प्रयास किए जा रहे हैं और भविष्य में
भी पारदर्शिता एवं जवाबदेही के साथ सेवाएं जारी रहेंगी, ताकि मरीजों को किसी प्रकार की परेशानी
का सामना न करना पड़े।















