रामगढ़ जिले के भदानीनगर क्षेत्र में नशा मुक्ति और अपराध नियंत्रण को लेकर पुलिस प्रशासन द्वारा व्यापक जनजागरूकता अभियान चलाया गया। यह अभियान रामगढ़ पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर भदानीनगर ओपी प्रभारी मो. अख्तर अली के नेतृत्व में संचालित किया गया।अभियान के तहत महुआ टोला चैनगड़ा चिकोर और लपगा सहित विभिन्न क्षेत्रों में लोगों को नशे के दुष्प्रभावों के प्रति जागरूक किया गया। पुलिस टीम ने कोचिंग सेंटरों चौक चौराहों बाजारों हाटों और सार्वजनिक स्थलों पर पहुंचकर युवाओं छात्रों और आम नागरिकों से संवाद किया।ओपी प्रभारी मो. अख्तर अली ने लोगों को बताया कि नशे की लत व्यक्ति के शारीरिक और मानसिक स्वास्थ्य को प्रभावित करने के साथ साथ परिवार और समाज पर भी नकारात्मक प्रभाव डालती है। उन्होंने कहा कि नशा अपराध को बढ़ावा देता है और युवाओं के भविष्य को बर्बाद कर सकता है।अभियान के दौरान छात्रों और युवाओं से अपील की गई कि वे स्वयं किसी भी प्रकार के नशे से दूर रहें और अपने परिवार, मित्रों एवं परिचितों को भी नशा छोड़ने तथा इससे बचने के लिए प्रेरित करें।पुलिस अधिकारियों ने कहा कि नशामुक्त समाज के निर्माण में हर नागरिक की भागीदारी जरूरी है। यदि समाज का हर व्यक्ति इस दिशा में सहयोग करे तो अपराध और नशे की समस्या पर प्रभावी नियंत्रण पाया जा सकता है।लोगों को यह भी संदेश दिया गया कि यदि किसी क्षेत्र में अवैध नशीले पदार्थों की बिक्री तस्करी या सेवन की जानकारी मिले तो इसकी सूचना तुरंत पुलिस को दें ताकि समय पर आवश्यक कानूनी कार्रवाई की जा सके।पुलिस प्रशासन ने स्पष्ट किया कि जिले में नशे के खिलाफ अभियान लगातार जारी रहेगा। इसका उद्देश्य युवाओं को नशे की गिरफ्त में जाने से रोकना और समाज में सुरक्षित एवं सकारात्मक वातावरण का निर्माण करना है।