ग्रामीण विवाद के कारण आंगनबाड़ी सेविका चयन रद्द अगले आदेश तक प्रक्रिया स्थगित
दुमका जिले
के मसलिया प्रखंड अंतर्गत बेलियाजोड़ पंचायत के आंगनबाड़ी केंद्र श्यामपुर में
प्रस्तावित सेविका चयन प्रक्रिया ग्रामीण विवाद के कारण रद्द कर दी गई। बाल विकास
परियोजना पदाधिकारी सह अंचलाधिकारी रंजन यादव ने मामले को देखते
हुए अगले आदेश तक चयन प्रक्रिया स्थगित करने का निर्णय लिया। जानकारी
के अनुसार सेविका
चयन प्रक्रिया में कुल सात आवेदिकाओं ने आवेदन जमा किया
था। इनमें से एक आवेदिका की उम्र निर्धारित सीमा से अधिक यानी 36 वर्ष से ऊपर होने के कारण उनका आवेदन निरस्त कर दिया
गया। इसके बाद छह आवेदिकाओं के बीच चयन प्रक्रिया आगे बढ़ाई गई। बताया
जा रहा है कि शैक्षणिक अंकों के आधार पर मोनिका मुर्मू पति बाबूलाल मरांडी को सबसे अधिक अंक
प्राप्त हुए थे और उनका चयन लगभग तय माना जा रहा था। लेकिन इसी दौरान ग्रामीणों ने
मोनिका मुर्मू को गांव की बहू मानने से इंकार कर दिया। ग्रामीणों
का कहना था कि उन्हें मोनिका मुर्मू और बाबूलाल मरांडी के विवाह की कोई जानकारी
नहीं है। हालांकि ग्राम प्रधान ने दोनों की शादी अपने समक्ष संपन्न होने की बात
कही लेकिन
गांव के गुडित जगमांझी परानिक समेत कई ग्रामीणों ने पदाधिकारियों के
समक्ष इस विवाह को स्वीकार करने से साफ इंकार कर दिया। ग्रामीणों
के विरोध और उत्पन्न विवाद को देखते हुए बाल विकास परियोजना पदाधिकारी सह
अंचलाधिकारी रंजन यादव ने तत्काल प्रभाव से सेविका चयन प्रक्रिया को अगले
आदेश तक रद्द कर दिया। मौके पर प्रखंड प्रमुख बासुदेव टुडू मुखिया रोबिन मरांडी महिला पर्यवेक्षिका सहित बड़ी संख्या में
ग्रामीण उपस्थित थे। प्रशासन का कहना है कि मामले की जांच के बाद आगे की कार्रवाई
की जाएगी।














