नवादा: बिहार के नवादा जिले के धमौल थाना क्षेत्र स्थित तुर्कबन गांव के रहने वाले सतीश कुमार को संयुक्त अरब अमीरात (UAE) के अबूधाबी एयरपोर्ट पर कथित तौर पर पोस्ता दाना (Poppy Seeds) लगी मिठाई साथ ले जाने के कारण हिरासत में लिया गया है। घटना के बाद परिजनों में चिंता का माहौल है और वे भारतीय दूतावास से सहायता की गुहार लगा रहे हैं।

परिजनों के अनुसार, सतीश कुमार 22 जुलाई को पटना एयरपोर्ट से अहमदाबाद होते हुए अबूधाबी के लिए रवाना हुए थे। यात्रा के दौरान वह अपने साथ धमौल बाजार से खरीदी गई रसकदम मिठाई ले जा रहे थे, जिस पर पोस्ता दाना लगा हुआ था।

बताया जा रहा है कि अबूधाबी एयरपोर्ट पर सुरक्षा जांच के दौरान अधिकारियों की नजर मिठाई पर लगे पोस्ता दाना पर पड़ी। इसके बाद उन्हें हिरासत में ले लिया गया। परिजनों का कहना है कि उन्हें इस बात की जानकारी नहीं थी कि यूएई में पोस्ता दाना से जुड़े नियम भारत से अलग और काफी सख्त हैं।

फिलहाल सतीश कुमार पुलिस हिरासत में हैं। उनके परिजन भारतीय दूतावास और संबंधित अधिकारियों से लगातार संपर्क कर रहे हैं, ताकि उन्हें कानूनी सहायता मिल सके और जल्द रिहाई सुनिश्चित हो सके।

इस मामले पर फूड इंस्पेक्टर अजय कुमार ने बताया कि भारत में पोस्ता दाना कोई प्रतिबंधित या नशीला पदार्थ नहीं है। इसका उपयोग विभिन्न मिठाइयों और खाद्य पदार्थों में सामान्य रूप से किया जाता है। हालांकि, अलग-अलग देशों में खाद्य पदार्थों और आयातित वस्तुओं को लेकर अलग-अलग कानून लागू होते हैं।

इस घटना ने विदेश यात्रा करने वाले लोगों के लिए एक महत्वपूर्ण संदेश दिया है कि किसी भी देश की यात्रा से पहले वहां की प्रतिबंधित वस्तुओं, खाद्य सामग्री और कस्टम नियमों की जानकारी अवश्य प्राप्त कर लें, ताकि अनजाने में किसी कानूनी परेशानी का सामना न करना पड़े।

नोट: यह समाचार परिजनों द्वारा दी गई जानकारी और उपलब्ध प्रारंभिक तथ्यों पर आधारित है। मामले में यूएई के संबंधित अधिकारियों की ओर से विस्तृत आधिकारिक जानकारी सामने आना शेष है।