राबड़ी देवी का 10 सर्कुलर रोड बंगला बना ‘माता शबरी सेवा सदन’, 20 साल बाद हरे रंग से हुआ भगवा
पटना: बिहार की राजनीति का चर्चित केंद्र रहा पटना का 10 सर्कुलर रोड सरकारी आवास अब नए रूप में नजर आ रहा है। करीब 20 वर्षों तक पूर्व मुख्यमंत्री राबड़ी देवी और लालू प्रसाद यादव के परिवार से जुड़ा रहा यह बंगला अब बिहार सरकार के पशुपालन मंत्री नंदकिशोर राम का आधिकारिक आवास बन गया है। मंत्री नंदकिशोर राम ने समर्थकों के साथ विधि-विधान और पूजा-अर्चना कर नए आवास में गृह प्रवेश किया। गृह प्रवेश के साथ ही बंगले का नाम बदलकर ‘माता शबरी सेवा सदन’ रखा गया है। समय के साथ 10 सर्कुलर रोड की पहचान भी बदल गई है। जहां पहले परिसर में RJD का झंडा, लालटेन का प्रतीक और हरे रंग की रंगत दिखाई देती थी, वहीं अब बंगला भगवा रंग में नजर आ रहा है। करीब दो दशक तक यह आवास RJD की राजनीतिक गतिविधियों का अहम केंद्र रहा। पार्टी की बैठकों से लेकर टिकट बंटवारे और नेताओं-कार्यकर्ताओं की आवाजाही तक, 10 सर्कुलर रोड बिहार की राजनीति में एक महत्वपूर्ण पता माना जाता रहा है। गृह प्रवेश के दौरान मंत्री नंदकिशोर राम ने बंगले के नए नामकरण की वजह भी बताई। उन्होंने कहा कि वह सनातनी हैं और सनातन धर्म को मानते हैं। मंत्री ने बताया कि वह माता शबरी की भक्ति और निश्छल प्रेम से प्रभावित हैं। रामायण की कथा में माता शबरी द्वारा भगवान श्रीराम को प्रेमपूर्वक बेर अर्पित किए जाने का प्रसंग प्रसिद्ध है। इसी आस्था से प्रेरित होकर उन्होंने नए सरकारी आवास का नाम ‘माता शबरी सेवा सदन’ रखा है। उन्होंने कहा कि इस सदन का मुख्य उद्देश्य जनसेवा रहेगा। पटना का 10 सर्कुलर रोड सिर्फ एक सरकारी आवास नहीं रहा है, बल्कि बिहार की राजनीति के कई महत्वपूर्ण घटनाक्रमों का गवाह भी रहा है। 10 सर्कुलर रोड बिहार की राजनीति में एक ऐसा पता रहा है, जहां लंबे समय तक RJD समर्थकों और नेताओं की आवाजाही बनी रहती थी। राबड़ी देवी के मुख्यमंत्री कार्यकाल के बाद भी यह आवास लालू प्रसाद यादव के परिवार की राजनीतिक गतिविधियों का प्रमुख केंद्र बना रहा। तेजस्वी यादव से मुलाकात करने आने वाले कार्यकर्ताओं से लेकर पार्टी की महत्वपूर्ण बैठकों तक, इस बंगले ने बिहार की राजनीति के कई दौर देखे हैं। अब नए आवंटन और नए नाम के साथ 10 सर्कुलर रोड का राजनीतिक अध्याय भी बदल गया है। ‘माता शबरी सेवा सदन’ के नए नाम और भगवा रंग-रूप के साथ यह बंगला अब बिहार सरकार के मंत्री नंदकिशोर राम के आधिकारिक आवास के तौर पर जाना जाएगा।हरे रंग की जगह अब भगवा रंग
माता शबरी से प्रभावित होकर रखा गया नाम
10 सर्कुलर रोड से जुड़ी हैं कई राजनीतिक यादें
दो दशक के राजनीतिक इतिहास का गवाह रहा बंगला















