राजधानी पटना में लगातार हो रही चेन स्नैचिंग की वारदातों के पीछे सक्रिय कुख्यात बंटी-बबली गैंग का पुलिस ने खुलासा कर दिया है। जांच में सामने आया है कि इस गैंग में शामिल युवक और युवती प्रेमी-प्रेमिका हैं। दोनों वैशाली जिले के हाजीपुर के रहने वाले हैं और बाइक से पटना आकर वारदात को अंजाम देते थे।

पुलिस के अनुसार  आरोपी युवक तेज रफ्तार बाइक चलाता था  जबकि पीछे बैठी उसकी प्रेमिका मौका मिलते ही महिलाओं और बुजुर्गों के गले से सोने की चेन झपट लेती थी। वारदात के तुरंत बाद दोनों महात्मा गांधी सेतु के रास्ते हाजीपुर फरार हो जाते थे।

ऐसे करते थे वारदात

जांच में पता चला कि दोनों पहले पटना के व्यस्त इलाकों में रेकी करते थे। जैसे ही कोई आसान शिकार दिखता  बाइक की रफ्तार धीमी कर युवती झपट्टा मारकर चेन छीन लेती और दोनों मौके से फरार हो जाते।

आधे घंटे में दो वारदात

शनिवार को गैंग ने महज आधे घंटे के भीतर कंकड़बाग टेंपो स्टैंड और जगनपुरा मोड़ के पास दो अलग-अलग चेन स्नैचिंग की घटनाओं को अंजाम दिया। पहली घटना में अशोक नगर निवासी टिंकू कुमार और दूसरी घटना में डॉक्टर रंजीत कुमार को निशाना बनाया गया।

CCTV फुटेज से खुला राज

घटनाओं के बाद पुलिस ने इलाके के कई CCTV कैमरों की फुटेज खंगाली। फुटेज में दोनों आरोपी जीरो माइल की ओर भागते दिखाई दिए। इसके बाद महात्मा गांधी सेतु पर लगे सर्विलांस कैमरों की मदद से पता चला कि दोनों हाजीपुर की ओर निकल गए थे।

आरोपी की पहचान  गिरफ्तारी जल्द

सिटी एसपी (पूर्वी) शैलजा ने बताया कि मुख्य आरोपी युवक की पहचान कर ली गई है। पटना पुलिस ने हाजीपुर पुलिस के साथ समन्वय स्थापित कर दोनों आरोपियों की तलाश तेज कर दी है। पुलिस का दावा है कि जल्द ही दोनों को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया जाएगा।