पटना: बांकीपुर विधानसभा उपचुनाव के चुनाव प्रचार के बीच भाजपा विधायक मैथिली ठाकुर ने अपना जन्मदिन मनाया। इस अवसर पर भारतीय जनता पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन ने उन्हें शॉल ओढ़ाकर और मिठाई खिलाकर जन्मदिन की शुभकामनाएं दीं। इस दौरान कार्यकर्ताओं और नेताओं ने भी उन्हें बधाई दी।

जन्मदिन के अवसर पर मैथिली ठाकुर ने कहा कि संगठन में एक नए कार्यकर्ता के रूप में उन्हें वरिष्ठ नेतृत्व से लगातार सीखने का अवसर मिल रहा है। उन्होंने भाजपा के अनुशासन और "राष्ट्र प्रथम" के संकल्प की सराहना करते हुए कहा कि कम उम्र में पार्टी का नेतृत्व कर रहे नितिन नवीन का व्यक्तित्व, कार्यशैली और समर्पण लाखों युवा कार्यकर्ताओं के लिए प्रेरणा का स्रोत है।

उन्होंने अपने प्रति व्यक्त किए गए स्नेह और सम्मान के लिए नितिन नवीन का आभार व्यक्त किया तथा जन्मदिन पर शुभकामनाएं देने वाले सभी कार्यकर्ताओं, समर्थकों और शुभचिंतकों को धन्यवाद दिया।

जन्मदिन समारोह के बाद मैथिली ठाकुर बांकीपुर विधानसभा उपचुनाव में भाजपा प्रत्याशी नीरज कुमार सिन्हा के समर्थन में चुनाव प्रचार में भी शामिल हुईं। उन्होंने बताया कि खासमहल वेलफेयर सोसाइटी द्वारा आयोजित संगठनात्मक कार्यक्रम में स्थानीय नागरिकों से संवाद का अवसर मिला, जहां भाजपा की विचारधारा, जनसेवा के संकल्प और विकसित बिहार के विजन पर चर्चा की गई।

मैथिली ठाकुर ने कहा कि इस दौरान सांसद रवि किशन और मंत्री दिलीप जायसवाल के साथ मंच साझा करने का अवसर मिला, जिससे उन्हें काफी सीखने को मिला। उन्होंने दोनों वरिष्ठ नेताओं के मार्गदर्शन और स्नेह के लिए आभार व्यक्त किया।

चुनाव प्रचार के दौरान आयोजित सभा में मैथिली ठाकुर ने मंच से लोगों को संबोधित किया। कार्यक्रम में मंत्री अशोक चौधरी, पूर्व केंद्रीय मंत्री अश्विनी चौबे सहित भाजपा के कई वरिष्ठ नेता और बड़ी संख्या में कार्यकर्ता उपस्थित रहे।