बोकारो  चास थाना क्षेत्र के कुंवर सिंह कॉलोनी स्थित बाबा चौक में जमीन विवाद को लेकर दो पक्ष आमने सामने आ गए हैं। दोनों पक्षों ने एक-दूसरे पर गंभीर आरोप लगाए हैं और मामला अब पुलिस तक पहुंच गया है। पुलिस दोनों पक्षों के दावों और दस्तावेजों की जांच कर आगे की कार्रवाई में जुटी है।

पहले पक्ष ने लगाया मारपीट और चैन छिनतई का आरोप

पहले पक्ष के पिंटू पासवान का कहना है कि उन्होंने करीब पांच वर्ष पूर्व 33 डिसमिल जमीन में से 5 डिसमिल जमीन की विधिवत रजिस्ट्री कराई थी। उनका आरोप है कि जमीन खरीदने के बाद से ही योगेश्वर सिंह विश्वेश्वर सिंह और कुछ अन्य लोग उन्हें लगातार परेशान कर रहे हैं तथा रंगदारी की मांग करते रहे हैं।

पिंटू पासवान के अनुसार  शनिवार को 30 से 35 लोग उनकी जमीन पर लगे गेट का ताला तोड़कर जबरन अंदर घुस गए। उन्होंने आरोप लगाया कि जब उनकी मां  बहन और भतीजा इसका विरोध करने पहुंचे तो उनके साथ धक्का मुक्की की गई। उन्होंने यह भी आरोप लगाया कि जब वह मौके पर पहुंचे तो उनके साथ मारपीट की गई और गले से सोने की चेन छीन ली गई। साथ ही जातिसूचक शब्दों का इस्तेमाल कर अपमानित करने का भी आरोप लगाया गया है।

दूसरे पक्ष ने कहा  जमीन हमारी  कब्जा दूसरे ने किया

वहीं दूसरे पक्ष के कुशेश्वर सिंह ने सभी आरोपों को बेबुनियाद और झूठा बताया है। उनका कहना है कि विवादित जमीन उनकी है और वह प्लॉट नंबर 17 में स्थित है, जबकि दूसरा पक्ष इसे प्लॉट नंबर 18 बताकर कब्जा जमाने की कोशिश कर रहा है। कुशेश्वर सिंह का दावा है कि विवादित जमीन पर बना बाउंड्री वॉल और आउट हाउस उन्हीं का है, लेकिन दूसरे पक्ष ने जबरन वहां ताला लगा रखा है। उन्होंने कहा कि इस संबंध में कई बार विरोध किया गया और पुलिस भी मौके पर पहुंची  लेकिन बाद में दोबारा ताला लगा दिया जाता है।

पुलिस कर रही है जांच

जमीन विवाद को लेकर दोनों पक्ष चास थाना पहुंचे हैं और एक दूसरे के खिलाफ शिकायत दर्ज कराई है। पुलिस का कहना है कि दोनों पक्षों के आरोपों  दस्तावेजों और उपलब्ध साक्ष्यों की जांच की जा रही है। जांच के बाद विधिसम्मत कार्रवाई की जाएगी। फिलहाल  मामले को लेकर इलाके में तनाव की स्थिति बनी हुई है और पुलिस दोनों पक्षों से जुड़े तथ्यों की पड़ताल कर रही है।मारपीट चैन छिनतई जातिसूचक टिप्पणी और जमीन कब्जाने से जुड़े आरोप दोनों पक्षों द्वारा लगाए गए हैं। इन आरोपों की स्वतंत्र पुष्टि अभी नहीं हुई है और पुलिस जांच जारी है।