गढ़वा के भवनाथपुर में शिक्षक पर जानलेवा हमला, गर्दन पर धारदार हथियार से वार, गंभीर हालत में सदर अस्पताल रेफर
गढ़वा: गढ़वा जिले के भवनाथपुर प्रखंड स्थित उत्क्रमित मध्य विद्यालय, बेलपहाड़ी के सहायक शिक्षक सुनील कुमार गुप्ता पर रविवार को कथित रूप से जानलेवा हमला किया गया। आरोप है कि कुछ अपराधियों ने पहले उनके साथ मारपीट की और फिर धारदार हथियार से गर्दन पर वार कर उन्हें गंभीर रूप से घायल कर दिया। प्राथमिक उपचार के बाद उनकी गंभीर स्थिति को देखते हुए उन्हें गढ़वा सदर अस्पताल रेफर किया गया। प्राप्त जानकारी के अनुसार, सुनील कुमार गुप्ता सिंदुरिया स्थित अपने आवास से गढ़वा जाने के लिए बस पकड़ने निकले थे। रेलवे साइडिंग के पास सड़क पर पहुंचते ही एक बाइक पर सवार तीन लोगों ने उन्हें रोक लिया। आरोप है कि हमलावरों ने पहले उनके साथ मारपीट की और फिर जबरन कोनमंडरा रोड की ओर ले गए। पीड़ित पक्ष के अनुसार, वहां आरोपियों ने उन्हें कथित रूप से जहरीला पदार्थ खिलाने का प्रयास किया। विरोध करने पर धारदार हथियार से उनकी गर्दन पर हमला कर गंभीर रूप से घायल कर दिया और मौके से फरार हो गए। गंभीर रूप से घायल शिक्षक ने किसी तरह अपने मोबाइल फोन से पत्नी को घटना की सूचना दी। सूचना मिलते ही परिजन और स्थानीय ग्रामीण मौके पर पहुंचे तथा उन्हें तत्काल भवनाथपुर सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (सीएचसी) पहुंचाया। वहां डॉ. रविशंकर वर्मा ने प्राथमिक उपचार किया। गर्दन पर गहरे घाव और अधिक रक्तस्राव होने के कारण चिकित्सकों ने उन्हें बेहतर इलाज के लिए गढ़वा सदर अस्पताल रेफर कर दिया। घटना की सूचना मिलने के बाद भवनाथपुर थाना पुलिस मौके पर पहुंची और घटनास्थल का निरीक्षण कर जांच शुरू कर दी। पुलिस हमलावरों की पहचान, हमले के कारण तथा पूरे घटनाक्रम की जांच में जुटी है। दिनदहाड़े शिक्षक पर हुए इस कथित जानलेवा हमले से इलाके में दहशत का माहौल है। स्थानीय लोगों ने आरोपियों की शीघ्र गिरफ्तारी और मामले में कड़ी कानूनी कार्रवाई की मांग की है।















