पटना : बिहार की बांकीपुर विधानसभा उपचुनाव के लिए 30 जुलाई को मतदान होगा। मतदान को शांतिपूर्ण, निष्पक्ष और पारदर्शी बनाने के लिए जिला प्रशासन ने व्यापक सुरक्षा और निगरानी के इंतजाम किए हैं। पटना के जिलाधिकारी (डीएम) ने बताया कि सभी 422 मतदान केंद्रों पर वेबकास्टिंग और लाइव स्ट्रीमिंग की व्यवस्था की गई है, जिससे मतदान प्रक्रिया पर लगातार निगरानी रखी जाएगी।

प्रशासन के अनुसार, उपचुनाव के दौरान सुरक्षा के लिए केंद्रीय अर्द्धसैनिक बलों की 14 कंपनियां, 9 फ्लाइंग स्क्वॉड, 18 स्टैटिक सर्विलांस टीम, 6 वीडियो सर्विलांस टीम, 3 वीडियो व्यूइंग टीम और 42 सेक्टर पदाधिकारी तैनात किए गए हैं। अब तक आदर्श आचार संहिता उल्लंघन के पांच मामले दर्ज किए गए हैं। इस उपचुनाव में 25 उम्मीदवार चुनाव मैदान में अपनी किस्मत आजमा रहे हैं।

मतदान केंद्रों पर मतदाताओं को बेहतर सुविधाएं उपलब्ध कराने के लिए नगर निगम के 1,266 कर्मियों की तैनाती की गई है। पुलिस महानिरीक्षक (केंद्रीय क्षेत्र) जितेंद्र राणा ने अधिकारियों को निर्देश दिया है कि मतदान केंद्र के 200 मीटर के दायरे में किसी भी अनधिकृत व्यक्ति को ठहरने की अनुमति नहीं होगी। साथ ही ईवीएम को मतदान केंद्र से सीधे वज्रगृह तक ले जाने और चुनाव आयोग के दिशा-निर्देशों का कड़ाई से पालन करने के निर्देश दिए गए हैं।

मतदान को लेकर बुधवार से शहर के सभी प्रमुख चौक-चौराहों, जिले में प्रवेश करने वाले मार्गों और संवेदनशील इलाकों में वाहनों की सघन जांच शुरू कर दी गई है। अर्द्धसैनिक बलों द्वारा विभिन्न क्षेत्रों में फ्लैग मार्च भी किया गया ताकि मतदाता भयमुक्त वातावरण में मतदान कर सकें। जिला स्तर पर नियंत्रण कक्ष स्थापित किया गया है और मतदाता टोल फ्री हेल्पलाइन 1950 पर कॉल कर आवश्यक जानकारी प्राप्त कर सकते हैं। जिन मतदाताओं के पास मतदाता पहचान पत्र नहीं है, वे निर्वाचन आयोग द्वारा मान्य 12 वैकल्पिक पहचान पत्रों में से किसी एक के आधार पर मतदान कर सकेंगे।

उपचुनाव को देखते हुए गांधी मैदान, पीरबहोर, कदमकुआं, कोतवाली, सचिवालय, बुद्धा कॉलोनी और श्रीकृष्णापुरी थाना क्षेत्रों में सुरक्षा व्यवस्था और कड़ी कर दी गई है। करीब 5,000 से अधिक पुलिसकर्मी तथा लगभग 1,400 अर्द्धसैनिक बल के जवान विभिन्न स्थानों पर तैनात किए गए हैं। बोरिंग रोड, बोरिंग कैनाल रोड, राजापुर, गोलघर और रेलवे स्टेशन सहित प्रमुख इलाकों में होटल एवं अन्य ठिकानों की भी जांच की गई।

पुलिस ने चुनाव में अशांति फैलाने की आशंका वाले लोगों से पूछताछ की है तथा धारा 107 के तहत दो दर्जन से अधिक लोगों पर कार्रवाई की गई है। हाल ही में जेल से छूटे अपराधियों पर नजर रखने के लिए छह सदस्यीय विशेष टीम भी गठित की गई है।

जिला निर्वाचन कार्यालय के अनुसार, उपचुनाव में 85 वर्ष से अधिक आयु के 3,166 वरिष्ठ मतदाता और 1,024 दिव्यांग मतदाता पंजीकृत हैं। कुल 29 चलंत मतदान केंद्र, 30 आदर्श मतदान केंद्र, एक महिला मतदान केंद्र, एक युवा मतदान केंद्र और एक दिव्यांग अनुकूल मतदान केंद्र भी बनाए गए हैं। वहीं एएन कॉलेज स्थित वज्रगृह का निरीक्षण करते हुए डीएम ने अधिकारियों को सीसीटीवी कैमरों की 24 घंटे निगरानी सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।