औरंगाबाद में पैसों के विवाद में पोते पर दादा की हत्या का आरोप, लाठी-डंडे से हमले में बुजुर्ग की मौत
औरंगाबाद: बिहार के औरंगाबाद जिले के ओबरा थाना क्षेत्र अंतर्गत लोकन बिगहा गांव में रिश्तों को झकझोर देने वाली एक घटना सामने आई है। पैसों के विवाद में एक युवक पर अपने 70 वर्षीय दादा की लाठी-डंडे से पीटकर हत्या करने का आरोप लगा है। घटना के बाद आरोपी फरार हो गया, जबकि गांव में शोक का माहौल है। मृतक की पहचान सुरेश सिंह यादव (70 वर्ष) के रूप में हुई है। परिजनों के अनुसार, वह गांव-गांव घूमकर अनाज का कारोबार करते थे। बताया जा रहा है कि सोमवार सुबह उनका अपने पोते के साथ पैसों को लेकर विवाद हुआ। आरोप है कि पोता उनसे रुपये मांग रहा था और पैसे नहीं देने पर विवाद बढ़ गया। परिजनों का आरोप है कि इसी दौरान युवक ने गुस्से में आकर दादा पर लाठी-डंडे से हमला कर दिया। हमले में सुरेश सिंह यादव गंभीर रूप से घायल हो गए। जब तक परिवार के लोग उन्हें बचाने का प्रयास करते, उनकी मौके पर ही मौत हो गई। घटना के बाद परिवार में चीख-पुकार मच गई। मृतक के पुत्र संजय कुमार यादव ने घटना की सूचना ओबरा थाना पुलिस को दी। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और घटनास्थल का निरीक्षण कर शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए सदर अस्पताल, औरंगाबाद भेज दिया। ओबरा थानाध्यक्ष कुणाल कुमार ने बताया कि प्रथम दृष्टया मामला पैसों के विवाद से जुड़ा प्रतीत हो रहा है। हालांकि घटना के वास्तविक कारणों का पता जांच पूरी होने के बाद ही चल सकेगा। पुलिस के अनुसार, आरोपी घटना के बाद से फरार है। उसकी गिरफ्तारी के लिए संभावित ठिकानों पर लगातार छापेमारी की जा रही है। पुलिस का कहना है कि साक्ष्यों के आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी। घटना के बाद लोकन बिगहा गांव में मातम का माहौल है। एक ही परिवार में हुई इस दर्दनाक वारदात ने स्थानीय लोगों को भी स्तब्ध कर दिया है।















