ऐप्पल के आगामी iPhone 18 Pro और iPhone 18 Pro Max को लेकर बड़ी जानकारी सामने आ रही है। रिपोर्ट्स के अनुसार कंपनी अपने नए प्रो मॉडल्स में अब तक का सबसे बड़ा कैमरा अपग्रेड देने की तैयारी कर रही है। हालांकि इस अपग्रेड की कीमत ग्राहकों को अधिक कीमत चुकाकर चुकानी पड़ सकती है।

कई महीनों से चर्चा है कि iPhone 18 Pro सीरीज में पहली बार वेरिएबल अपर्चर कैमरा तकनीक दी जा सकती है। यह फीचर कैमरे को अलग-अलग लाइट कंडीशन के अनुसार अपर्चर को फिजिकली एडजस्ट करने की सुविधा देगा। इससे कम रोशनी में बेहतर फोटोग्राफी अधिक नैचुरल बैकग्राउंड ब्लर और प्रोफेशनल कैमरे जैसी इमेज क्वालिटी मिलने की उम्मीद है।

अब तक आईफोन में फिक्स अपर्चर कैमरा सिस्टम का उपयोग किया जाता रहा है। वेरिएबल अपर्चर के आने से कैमरा सेंसर तक पहुंचने वाली रोशनी को जरूरत के अनुसार नियंत्रित किया जा सकेगा जिससे लो-लाइट फोटोग्राफी और पोर्ट्रेट शॉट्स की गुणवत्ता में बड़ा सुधार देखने को मिलेगा।

रिपोर्ट्स के मुताबिक इस नए कैमरा सिस्टम की वजह से ऐप्पल की उत्पादन लागत में लगभग 50 प्रतिशत तक बढ़ोतरी हो सकती है। बताया जा रहा है कि कैमरा मॉड्यूल के निर्माण में चीन की प्रमुख कंपनी Sunny Optical अहम भूमिका निभाएगी।

विशेषज्ञों का मानना है कि कैमरा हार्डवेयर में इतने बड़े बदलाव के साथ ऐप्पल केवल सॉफ्टवेयर आधारित कंप्यूटेशनल फोटोग्राफी पर निर्भर नहीं रहेगा बल्कि हार्डवेयर स्तर पर भी इमेज क्वालिटी को बेहतर बनाएगा। वर्तमान में कई प्रीमियम एंड्रॉयड स्मार्टफोन में वेरिएबल अपर्चर तकनीक उपलब्ध है और अब ऐप्पल भी इस दिशा में कदम बढ़ा रहा है।

सबसे बड़ा सवाल यह है कि क्या इन अपग्रेड्स के बाद iPhone 18 Pro की कीमत बढ़ेगी? रिपोर्ट्स के अनुसार कैमरा अपग्रेड के अलावा नए प्रोसेसर उन्नत कनेक्टिविटी फीचर्स और अन्य हार्डवेयर सुधारों के कारण उत्पादन लागत में बढ़ोतरी होगी। ऐसे में संभावना जताई जा रही है कि ऐप्पल इस अतिरिक्त लागत का कुछ हिस्सा ग्राहकों पर डाल सकता है।

हालांकि कंपनी की ओर से अभी तक iPhone 18 Pro सीरीज की कीमत या फीचर्स को लेकर कोई आधिकारिक घोषणा नहीं की गई है। लेकिन टेक जगत में इसे ऐप्पल का अब तक का सबसे बड़ा कैमरा अपग्रेड माना जा रहा है।