चित्तरंजन: चित्तरंजन रेलवे स्टेशन पर तैनात जीआरपी के एएसआई मुंद्रिका प्रसाद (58) की संदिग्ध परिस्थिति में मौत हो गई। गुरुवार दोपहर करीब एक बजे उन्हें स्टेशन परिसर स्थित रेलवे क्वार्टर में बेहोशी की हालत में पाया गया। घटना के बाद रेल पुलिस महकमे में शोक का माहौल है।

जानकारी मिलने के बाद जीआरपी प्रभारी विमल कुमार पुलिस जवानों के साथ मौके पर पहुंचे। एएसआई मुंद्रिका प्रसाद को तत्काल चिरेका स्थित कस्तूरबा गांधी अस्पताल ले जाया गया, जहां चिकित्सकों ने जांच के बाद उन्हें मृत घोषित कर दिया।

घटना की सूचना मिलने पर चित्तरंजन थाना पुलिस भी अस्पताल पहुंची। पुलिस ने आवश्यक कागजी प्रक्रिया पूरी करने के बाद शव को पोस्टमार्टम के लिए आसनसोल सदर अस्पताल भेज दिया है। मौत के कारणों को लेकर पुलिस जांच कर रही है।

धनबाद जीआरपी केंद्र ले जाया जाएगा शव

पोस्टमार्टम के बाद एएसआई मुंद्रिका प्रसाद का शव धनबाद जीआरपी केंद्र ले जाया जाएगा, जहां उन्हें अंतिम सलामी दी जाएगी। इसके बाद शव परिजनों को सौंपे जाने की बात कही गई है।

मुंद्रिका प्रसाद मूल रूप से बिहार के नालंदा जिले के रहने वाले थे। वर्तमान में वह अपने परिवार के साथ जामताड़ा शहर के वार्ड नंबर 13 स्थित शिवधाम मोहल्ले में रहते थे। उनकी मौत की खबर मिलते ही परिवार में मातम छा गया।

एएसआई के निधन पर रेल पुलिस परिवार में शोक की लहर है। वार्ड नंबर 13 की पार्षद सुनीका देवी और समाजसेवी सुभाष सिंह ने भी उनके निधन पर दुख जताया।