लखनऊ: रक्षाबंधन से पहले उत्तर प्रदेश सरकार ने महिलाओं के लिए बड़ा फैसला लिया है। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ की अध्यक्षता में हुई कैबिनेट बैठक में 24 प्रस्तावों को मंजूरी दी गई। इनमें 60 वर्ष से अधिक उम्र की महिलाओं को उत्तर प्रदेश रोडवेज की बसों में मुफ्त यात्रा की सुविधा देने का प्रस्ताव भी शामिल है।

सरकार के इस फैसले के बाद 60 साल से अधिक उम्र की महिलाएं उत्तर प्रदेश परिवहन निगम की बसों में आजीवन निशुल्क यात्रा कर सकेंगी। इस योजना को लोकमाता अहिल्याबाई मातृशक्ति योजना के नाम से लागू किया जाएगा।

करीब एक करोड़ महिलाओं को मिलेगा लाभ

परिवहन मंत्री दयाशंकर सिंह के मुताबिक, इस योजना से प्रदेश की करीब एक करोड़ से अधिक महिलाएं लाभान्वित हो सकती हैं। यात्रा के दौरान उम्र की पुष्टि के लिए महिलाओं को आधार कार्ड या वोटर आईडी दिखाना होगा।

सरकार के अनुसार, साल 2011 की जनगणना के आधार पर करीब 81 लाख महिलाएं इस सुविधा के दायरे में आती हैं। योजना का उद्देश्य वरिष्ठ महिलाओं को सुरक्षित और सुलभ सार्वजनिक परिवहन उपलब्ध कराना है।

सभी रोडवेज बसों में मिलेगी सुविधा

परिवहन मंत्री ने बताया कि 60 वर्ष से अधिक उम्र की महिलाओं को परिवहन निगम की सभी बसों में निशुल्क यात्रा की अनुमति होगी। यह सुविधा आजीवन लागू रहने की बात कही गई है।

बता दें कि बीजेपी ने 2022 के विधानसभा चुनाव के दौरान 60 वर्ष से अधिक उम्र की महिलाओं को मुफ्त बस यात्रा की सुविधा देने का वादा किया था। अब कैबिनेट की मंजूरी के बाद इस घोषणा को लागू करने का रास्ता साफ हो गया है।

रक्षाबंधन पर भी महिलाओं को मुफ्त बस यात्रा

रक्षाबंधन के अवसर पर उत्तर प्रदेश में महिलाओं को पहले की तरह विशेष मुफ्त यात्रा की सुविधा भी मिलेगी। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के निर्देश पर परिवहन निगम की बसों में 27 अगस्त की सुबह 6 बजे से 29 अगस्त की रात 12 बजे तक निशुल्क यात्रा की सुविधा दी जाएगी।

250 इलेक्ट्रिक बसें खरीदने को भी मंजूरी

कैबिनेट ने राज्य में सार्वजनिक परिवहन व्यवस्था को मजबूत करने के लिए 250 इलेक्ट्रिक बसें खरीदने के प्रस्ताव को भी मंजूरी दी है। इनमें 42-सीटर और 52-सीटर बसें शामिल होंगी। सरकार के मुताबिक इन बसों की खरीद पर करीब 425 करोड़ रुपये खर्च किए जाएंगे।