‘आन ,बान, शान के साथ मनाएं 15 अगस्त’, PM मोदी की अपील, हर घर तिरंगा, हर मन तिरंगा
नई दिल्ली: प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने देशवासियों से 15 अगस्त को स्वतंत्रता दिवस आन,बान,शान के साथ मनाने की अपील की है। उन्होंने लोगों से स्वतंत्रता सेनानियों को श्रद्धांजलि देने और विकसित भारत के निर्माण का संकल्प लेने का आह्वान किया। पीएम मोदी ने देशवासियों से ‘हर घर तिरंगा’ अभियान में बढ़-चढ़कर हिस्सा लेने की अपील करते हुए कहा, “हर घर तिरंगा, घर ,घर तिरंगा, हर मन तिरंगा।” उन्होंने लोगों से अपने घरों पर राष्ट्रीय ध्वज फहराने और स्वतंत्रता दिवस के उत्सव में उत्साह के साथ शामिल होने को कहा। प्रधानमंत्री ने कहा कि 15 अगस्त देश के लिए गौरव का दिन है और इस मौके पर स्वतंत्रता सेनानियों के बलिदान को याद करते हुए देश को विकसित बनाने के संकल्प को मजबूत करना चाहिए। केंद्र सरकार के अनुसार, इस वर्ष 15 अगस्त को लाल किले पर होने वाले स्वतंत्रता दिवस समारोह के दौरान पहली बार राष्ट्रीय गीत ‘वंदे मातरम्’ का गायन किया जाएगा। समारोह की थीम 2047 तक भारत को विकसित राष्ट्र बनाने में युवाओं की भूमिका पर केंद्रित होगी। भारत 15 अगस्त को अपना 80वां स्वतंत्रता दिवस मनाएगा। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी लाल किले से स्वतंत्रता दिवस समारोह का नेतृत्व करेंगे और राष्ट्र को संबोधित करेंगे। रक्षा सचिव आरके सिंह के अनुसार, विकसित भारत के निर्माण में युवाओं की भूमिका को विशेष रूप से रेखांकित किया जाएगा। उन्होंने कहा कि देश की विकास यात्रा में युवा महत्वपूर्ण भूमिका निभाएंगे। स्वतंत्रता दिवस समारोह में भारतीय वायुसेना का MI 17 हेलीकॉप्टर भी विशेष आकर्षण का केंद्र रहेगा। जानकारी के अनुसार, हेलीकॉप्टर वंदे मातरम् के 150 वर्ष पूरे होने के अवसर पर एक बैनर लेकर लाल किले के ऊपर से उड़ान भरेगा और कार्यक्रम में मौजूद लोगों पर फूलों की वर्षा करेगा।🇮🇳 लाल किले पर पहली बार गूंजेगा वंदे मातरम्
MI 17 हेलीकॉप्टर से होगी पुष्पवर्षा















