इस्लामाबाद: पाकिस्तान की राजधानी इस्लामाबाद में बुधवार सुबह एक दर्दनाक हादसा सामने आया। पाकिस्तान इंस्टीट्यूट ऑफ मेडिकल साइंसेज (PIMS) के गायनेकोलॉजी वार्ड की नर्सरी में आग लगने से 15 नवजात बच्चों की मौत होने की सूचना है। हादसे के वक्त नर्सरी में कुल 16 नवजात शिशु मौजूद थे, जिनमें से केवल एक बच्चे को सुरक्षित बचाया जा सका।

मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक, आग लगने के बाद नर्सरी में तेजी से धुआं भर गया। रेस्क्यू टीम से जुड़े अधिकारियों ने शुरुआती तौर पर बताया कि अस्पताल की नर्सरी में लगे एयर कंडीशनर का कंप्रेसर फटने के बाद आग लगने की आशंका है। हालांकि, आग के वास्तविक कारणों की पुष्टि जांच पूरी होने के बाद ही हो सकेगी।

छह दमकल वाहन और चार एंबुलेंस मौके पर पहुंचीं

घटना की सूचना मिलते ही प्रशासनिक अधिकारी और राहत-बचाव दल मौके पर पहुंच गए। आग बुझाने के लिए छह दमकल वाहनों और चार एंबुलेंस को लगाया गया।

आग पर काबू पाने के बाद दमकल कर्मियों ने कूलिंग ऑपरेशन चलाया, ताकि दोबारा आग भड़कने की संभावना को खत्म किया जा सके। घटना के बाद अस्पताल परिसर और आसपास के इलाके में अफरा-तफरी का माहौल बन गया।

15 नवजातों की मौत से मचा कोहराम

हादसे में 15 नवजात बच्चों की मौत की खबर से अस्पताल में मौजूद परिजनों में चीख-पुकार मच गई। परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। एक साथ इतने नवजात बच्चों की मौत से अस्पताल प्रशासन और आसपास के लोगों में भी शोक का माहौल है।

जांच समिति गठित

घटना के कारणों और अस्पताल की सुरक्षा व्यवस्था की जांच के लिए जिला प्रशासन ने अतिरिक्त उपायुक्त की अध्यक्षता में जांच समिति गठित की है। समिति आग लगने की वजह, सुरक्षा इंतजाम और घटना के दौरान बचाव व्यवस्था समेत विभिन्न पहलुओं की जांच करेगी।