दिल्ली एनकाउंटर, प्रॉपर्टी डीलर हत्याकांड में टिल्लू गैंग के दो शार्प शूटर गिरफ्तार, बड़ी गैंगवार टली
नई दिल्ली: कराला में 30 जुलाई को हुई प्रॉपर्टी डीलर हरीश माथुर की हत्या के मामले में दिल्ली पुलिस की स्पेशल स्टाफ टीम को बड़ी सफलता मिली है। पुलिस ने मुठभेड़ के बाद टिल्लू गैंग के दो कथित शार्प शूटरों को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस का दावा है कि दोनों की गिरफ्तारी से राजधानी में एक बड़ी गैंगवार टल गई। पुलिस के अनुसार गिरफ्तार आरोपियों की पहचान विक्की उर्फ राहुल रंगा (27) और विशाल उर्फ साहिल उर्फ लीलू (26) के रूप में हुई है। पूछताछ में दोनों ने कथित तौर पर खुलासा किया कि प्रॉपर्टी डीलर हरीश माथुर की हत्या के बाद विरोधी गोगी गैंग और दिनेश कराला गैंग से जुड़े छह अन्य लोगों को भी निशाना बनाने की योजना थी। विशेष पुलिस आयुक्त (कानून-व्यवस्था) देवेश चंद्र श्रीवास्तव, संयुक्त पुलिस आयुक्त विजय सिंह तथा डीसीपी शशांक जायसवाल के निर्देशन में इंस्पेक्टर संदीप गोदारा और कंझावला एसएचओ के.के. यादव के नेतृत्व में विशेष टीम गठित की गई थी। डीसीपी शशांक जायसवाल के अनुसार, आरोपियों की लोकेशन मिलने के बाद पुलिस ने माजरी गांव रोड के पास घेराबंदी की। पुलिस का कहना है कि घेराबंदी के दौरान आरोपियों ने टीम पर फायरिंग शुरू कर दी। जवाबी कार्रवाई में दोनों आरोपियों के पैर में गोली लगी, जिसके बाद उन्हें गिरफ्तार कर लिया गया। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से दो पिस्टल, छह जिंदा कारतूस और हरीश माथुर हत्याकांड में इस्तेमाल की गई एक मोटरसाइकिल बरामद की है। प्रारंभिक जांच में पुलिस का दावा है कि दोनों आरोपी विदेश में बैठे टिल्लू गैंग के कथित सरगनाओं के सीधे संपर्क में थे और उन्हें एन्क्रिप्टेड ऐप के जरिए निर्देश मिल रहे थे। इन्हीं निर्देशों के आधार पर हरीश माथुर की हत्या की गई थी। फिलहाल पुलिस पूरे नेटवर्क की जांच कर रही है और यह पता लगाने का प्रयास कर रही है कि इस साजिश में और कौन-कौन लोग शामिल थे।















