गिरिडीह: केंद्रीय मंत्री अन्नपूर्णा देवी सोमवार को गिरिडीह पहुंचीं। इस दौरान उन्होंने मतदाता सूची के विशेष गहन पुनरीक्षण (SIR) के मुद्दे पर कांग्रेस और लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी पर निशाना साधा। साथ ही झारखंड की हेमंत सोरेन सरकार पर भी कई आरोप लगाए।

राहुल गांधी की बयानबाजी पर सवाल उठाते हुए अन्नपूर्णा देवी ने कहा कि देश की जनता उनकी काबिलियत जानती है। उन्होंने तंज कसते हुए कहा कि राहुल गांधी मॉक पार्लियामेंट तक ही ठीक हैं। केंद्रीय मंत्री ने आरोप लगाया कि विदेशी ताकतों के इशारे पर देश में भ्रम फैलाने की कोशिश की जा रही है। उन्होंने कहा कि कांग्रेस को देश की तरक्की और विकास रास नहीं आ रहा है।

झारखंड सरकार पर भी साधा निशाना

अन्नपूर्णा देवी ने हेमंत सोरेन सरकार पर हमला बोलते हुए कहा कि राज्य में टैक्स और स्टांप ड्यूटी बढ़ाकर आम लोगों पर आर्थिक बोझ डाला गया है। उन्होंने सरकार के कार्यकाल में भ्रष्टाचार बढ़ने और विकास कार्य प्रभावित होने का आरोप लगाया।

खनन व्यवस्था पर सवाल उठाते हुए केंद्रीय मंत्री ने आरोप लगाया कि राज्य में खनन गतिविधियां बंद होने के बावजूद अवैध खनन कराया जा रहा है और इससे कुछ लोगों को फायदा पहुंचाया जा रहा है। उन्होंने इस पूरे मामले में सरकारी संरक्षण का भी आरोप लगाया।

कानून-व्यवस्था को लेकर सरकार को घेरा

राज्य की कानून-व्यवस्था पर चिंता जताते हुए अन्नपूर्णा देवी ने सरायकेला-खरसावां जिले के गम्हरिया थाना क्षेत्र में थाने के अंदर महिला के साथ कथित दुष्कर्म की घटना का जिक्र किया। उन्होंने कहा कि जब थाने के अंदर ही महिलाएं सुरक्षित नहीं हैं, तो राज्य की कानून-व्यवस्था की स्थिति पर सवाल उठना स्वाभाविक है।

केंद्रीय मंत्री ने आरोप लगाया कि राज्य सरकार को आम जनता की समस्याओं से कोई सरोकार नहीं है और जनता के हितों की अनदेखी की जा रही है। उनके इस बयान के बाद राज्य में भाजपा और झामुमो के बीच राजनीतिक आरोप-प्रत्यारोप का मुद्दा फिर चर्चा में आ गया है।