चांडिल में अनियंत्रित आयशर वैन कैनाल में घुसी, चालक सुरक्षित
सरायकेला: सरायकेला-खरसावां जिले के चांडिल थाना क्षेत्र के गांगूडीह में मंगलवार को एक बड़ा हादसा होते-होते टल गया। डैम रोड स्थित स्वर्णरेखा कैनाल में एक आयशर वैन अनियंत्रित होकर जा घुसी। हादसे में वाहन चालक बाल-बाल बच गया और उसे किसी तरह की चोट नहीं आई। प्राप्त जानकारी के अनुसार, आयशर वैन अनुमंडल मुख्यालय की ओर से चांडिल की तरफ जा रही थी। इसी दौरान गांगूडीह के पास अचानक वाहन अनियंत्रित हो गया और सड़क किनारे स्थित स्वर्णरेखा कैनाल में जा घुसा। बताया जा रहा है कि वाहन में बालू लदा हुआ था। कैनाल में पानी की मात्रा कम होने के कारण वाहन पूरी तरह पानी में नहीं डूबा, जिससे चालक सुरक्षित बाहर निकल गया। घटना के बाद आसपास के लोगों की भीड़ मौके पर जुट गई। सूचना मिलने के बाद चांडिल थाना पुलिस मौके पर पहुंची और दुर्घटना की जानकारी ली। पुलिस हादसे के कारणों की जांच कर रही है।















