जादूगोड़ा : भारत सरकार की सार्वजनिक क्षेत्र की कंपनी यूरेनियम कॉरपोरेशन ऑफ इंडिया लिमिटेड (यूसीआईएल) में सतर्कता जागरूकता अभियान के तहत जादूगोड़ा स्थित यूसीआईएल कॉलोनी में पदयात्रा निकाली गई। पदयात्रा को यूसीआईएल के अध्यक्ष सह प्रबंध निदेशक डॉ. कंचन आनंद राव ने हरी झंडी दिखाकर रवाना किया।

पदयात्रा यूसीआईएल कॉलोनी के विभिन्न क्षेत्रों से होकर गुजरी और अंत में सी-टाइप मैदान में पहुंचकर संपन्न हुई। इसमें कंपनी के अधिकारियों और कर्मचारियों ने हिस्सा लिया।

इस अवसर पर डॉ. कंचन आनंद राव ने अधिकारियों और कर्मचारियों को कार्यस्थल पर पारदर्शिता, जवाबदेही और ईमानदारी बनाए रखने का संदेश दिया। उन्होंने भ्रष्टाचार मुक्त कार्यसंस्कृति विकसित करने और संस्थान के कामकाज में पारदर्शिता सुनिश्चित करने पर जोर दिया।

यूसीआईएल की ओर से आयोजित इस पदयात्रा का उद्देश्य सतर्कता के प्रति जागरूकता बढ़ाना और संस्थान में जिम्मेदार एवं पारदर्शी कार्यप्रणाली को प्रोत्साहित करना रहा।