रांची: ट्यूलिप हॉस्पिटल पर हुई कार्रवाई के बाद अब पूरा मामला अस्पताल प्रबंधन के लिखित जवाब पर टिका हुआ है। सिविल सर्जन की ओर से जारी शो-कॉज नोटिस में दिए गए समय की अवधि पूरी हो चुकी है, लेकिन अस्पताल प्रबंधन ने अभी तक अपना लिखित पक्ष प्रशासन को नहीं सौंपा है।

अस्पताल प्रबंधन ने जवाब तैयार करने के लिए अधिकारियों से एक-दो दिन का अतिरिक्त समय मांगा है। प्रबंधन की ओर से जल्द ही अपना जवाब सौंपने का भरोसा दिया गया है।

जवाब मिलने के बाद होगी समीक्षा

प्रशासन के मुताबिक, अस्पताल का लिखित जवाब मिलने के बाद उसके पक्ष और जांच के दौरान सामने आए तथ्यों की समीक्षा की जाएगी। इसके बाद मामले में आगे की कार्रवाई को लेकर निर्णय लिया जाएगा।

फिलहाल प्रशासन की नजर अस्पताल प्रबंधन की ओर से सौंपे जाने वाले जवाब पर है।

IMA ने कार्रवाई की प्रक्रिया पर उठाए थे सवाल

दरअसल, ट्यूलिप हॉस्पिटल में एक मरीज और उसके परिजनों के साथ कथित मारपीट के मामले की जांच के बाद अस्पताल का लाइसेंस निलंबित किया गया था। कार्रवाई के बाद इंडियन मेडिकल एसोसिएशन (IMA) की ओर से प्रक्रिया को लेकर सवाल उठाए गए थे।

IMA का कहना था कि अस्पताल प्रबंधन को अपना पक्ष रखने का पर्याप्त अवसर मिलना चाहिए। वहीं, सिविल सर्जन की ओर से स्पष्ट किया गया कि कार्रवाई से पहले अस्पताल को शो-कॉज नोटिस जारी कर 24 घंटे में जवाब देने का अवसर दिया गया था।

अभी IMA और झांसा की ओर से औपचारिक पक्ष नहीं

इस मामले में फिलहाल IMA या झांसा की ओर से अधिकारियों से मुलाकात कर कोई औपचारिक पक्ष नहीं रखा गया है। ऐसे में अब अस्पताल प्रबंधन के जवाब के बाद ही मामले की अगली प्रक्रिया स्पष्ट होने की उम्मीद है।

प्रशासन की ओर से अस्पताल के जवाब और जांच में सामने आए तथ्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई तय की जाएगी।