गिरिडीह: तिसरी प्रखंड में सोमवार को झारखंड मुक्ति मोर्चा (झामुमो) की महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई। बैठक की अध्यक्षता झामुमो प्रखंड अध्यक्ष रिंकू बरनवाल ने की। कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में धनवार विधानसभा क्षेत्र के पूर्व विधायक निजाम उद्दीन अंसारी और 20 सूत्री अध्यक्ष सह जिला संगठन सचिव शफीक अंसारी मौजूद रहे।बैठक में केंद्र सरकार द्वारा MMDR अधिनियम में किए गए संशोधन को लेकर विस्तार से चर्चा की गई। झामुमो नेताओं ने संशोधन के खिलाफ पार्टी की ओर से व्यापक जनजागरण अभियान चलाने का निर्णय लिया। इसके तहत कार्यकर्ता गांव-गांव जाकर आम लोगों को केंद्र सरकार की नीतियों और संशोधन के संभावित प्रभावों की जानकारी देंगे।

पूरे झारखंड में आंदोलन की चेतावनी

पूर्व विधायक निजाम उद्दीन अंसारी ने कहा कि यदि केंद्र सरकार द्वारा उक्त कानून को वापस नहीं लिया गया, तो तिसरी प्रखंड से लेकर पूरे झारखंड में इसके विरोध में व्यापक आंदोलन किया जाएगा। उन्होंने पार्टी कार्यकर्ताओं से गांव-गांव जाकर लोगों को जागरूक करने और संगठन को मजबूत बनाने का आह्वान किया।बैठक में नेताओं ने कहा कि पार्टी कार्यकर्ताओं को स्थानीय स्तर पर लोगों से संवाद कर MMDR संशोधन से जुड़े मुद्दों की जानकारी देनी होगी। साथ ही संगठन को जमीनी स्तर पर और मजबूत करने पर भी जोर दिया गया।

बड़ी संख्या में कार्यकर्ता रहे मौजूद

बैठक में झामुमो महिला मोर्चा प्रखंड अध्यक्ष बेरोनिक हेम्ब्रम, अनवर अंसारी, मनोज यादव, राजू दास, अफसर अंसारी, हासिम अंसारी, इनामउद्दीन साईं, मो. कादिर, सुरेश मरांडी, अजीम अंसारी, मो. इरफान, मो. हाकिम, मो. सहबुदीन सहित बड़ी संख्या में पार्टी कार्यकर्ता एवं समर्थक मौजूद रहे।