जामताड़ा: जिले में लगातार हो रही बारिश के कारण दक्षिणबहाल जोरिया का जलस्तर बढ़ गया है। तेज बारिश के बाद जोरिया का पानी डायवर्सन के ऊपर तक पहुंच गया, जिससे आवागमन को लेकर खतरा बढ़ गया है। वहीं, गार्डवाल का निर्माण नहीं होने के कारण तेज जलधारा से सड़क के नीचे की मिट्टी बह गई है। इससे डायवर्सन का एक हिस्सा अंदर से खोखला हो गया है और उसके कभी भी धंसने की आशंका बनी हुई है।

स्थानीय लोगों के अनुसार, लगातार बारिश के कारण जोरिया में पानी का बहाव काफी तेज हो गया है। तेज जलधारा के दबाव में डायवर्सन के नीचे की मिट्टी लगातार कट रही है। फिलहाल सड़क के ऊपर से वाहनों का आवागमन जारी है, लेकिन नीचे से मिट्टी के बह जाने के कारण डायवर्सन की मजबूती पर सवाल खड़े हो गए हैं।

ग्रामीणों का कहना है कि यदि समय रहते क्षतिग्रस्त हिस्से की मरम्मत नहीं की गई और कटाव को रोकने के लिए सुरक्षा व्यवस्था नहीं की गई, तो डायवर्सन कभी भी धंस सकता है। इससे बड़ा हादसा होने की आशंका है।

भारी वाहनों के परिचालन से बढ़ा खतरा

ग्रामीणों के मुताबिक डायवर्सन से भारी वाहनों का आवागमन जारी रहने के कारण खतरा और बढ़ गया है। सड़क का अंदर से खोखला हो चुका हिस्सा भारी वाहनों का दबाव नहीं झेल पाया तो अचानक धंस सकता है। ऐसी स्थिति में आवागमन पूरी तरह बाधित होने के साथ गंभीर दुर्घटना भी हो सकती है।

ग्रामीणों ने संबंधित विभाग और प्रशासन से तत्काल स्थल का निरीक्षण कराने की मांग की है। साथ ही डायवर्सन को सुरक्षित करने, गार्डवाल का निर्माण कराने और सड़क के नीचे हो रहे मिट्टी के कटाव को रोकने के लिए आवश्यक सुरक्षा उपाय करने की मांग की गई है।

1.80 करोड़ की लागत से बने पुल और अप्रोच रोड पर भी सवाल

ग्रामीणों ने करीब 1.80 करोड़ रुपये की लागत से तैयार पुल और अप्रोच रोड की स्थिति पर भी सवाल उठाए हैं। उनका कहना है कि यदि निर्माण के बाद पहली ही बरसात में सड़क के नीचे से मिट्टी बहने लगी है, तो निर्माण कार्य की गुणवत्ता और जल निकासी व्यवस्था की जांच होनी चाहिए।

स्थानीय लोगों ने प्रशासन से मामले को गंभीरता से लेते हुए जल्द से जल्द तकनीकी जांच कराने और आवश्यक मरम्मत कार्य शुरू कराने की मांग की है, ताकि बारिश के दौरान किसी बड़े हादसे को टाला जा सके।

स्पेशल रेपोर्ट्स