नई दिल्ली: कांग्रेस संसदीय दल की अध्यक्ष सोनिया गांधी ने सोमवार को राष्ट्रीय जनता दल (राजद) प्रमुख लालू प्रसाद यादव से मुलाकात कर उनके स्वास्थ्य का हालचाल जाना। यह मुलाकात दिल्ली में लालू यादव की बेटी और सांसद मीसा भारती के आवास पर हुई। इस दौरान बिहार विधानसभा में नेता प्रतिपक्ष तेजस्वी यादव भी मौजूद रहे। मुलाकात में दोनों नेताओं ने यूपीए सरकार के कार्यकाल और उस दौर में लागू किए गए जनकल्याणकारी कानूनों को याद किया।

मीसा भारती के आवास पर हुई मुलाकात

लालू प्रसाद यादव स्वास्थ्य संबंधी जांच और उपचार के सिलसिले में दिल्ली में हैं। उनका दिल्ली स्थित एम्स में इलाज चल रहा है। इसी बीच सोनिया गांधी उनसे मिलने मीसा भारती के आवास पहुंचीं। उन्होंने लालू यादव की तबीयत के बारे में जानकारी ली और उनके स्वास्थ्य को लेकर बातचीत की।

मनरेगा, RTE और RTI का हुआ जिक्र

मुलाकात के दौरान दोनों नेताओं ने यूपीए सरकार के समय लागू किए गए प्रमुख कानूनों और योजनाओं को याद किया। इनमें महात्मा गांधी राष्ट्रीय ग्रामीण रोजगार गारंटी अधिनियम (मनरेगा), शिक्षा का अधिकार कानून (RTE) और सूचना का अधिकार कानून (RTI) प्रमुख रहे।

लालू प्रसाद यादव ने मुलाकात के बाद सोशल मीडिया पर तस्वीरें साझा करते हुए पुराने दिनों को याद किया। उन्होंने कहा कि यूपीए सरकार के दौरान युवाओं, किसानों, जवानों और आम लोगों के लिए पारदर्शी एवं जनकल्याणकारी योजनाएं लागू की गई थीं।

बिहार को 1.45 लाख करोड़ रुपये से अधिक की सहायता का किया जिक्र

लालू यादव ने पूर्व प्रधानमंत्री डॉ. मनमोहन सिंह के नेतृत्व वाली यूपीए सरकार के कार्यकाल का उल्लेख करते हुए कहा कि उस दौरान बिहार के विकास के लिए 1 लाख 45 हजार करोड़ रुपये से अधिक की धनराशि दी गई थी।

इस मुलाकात में तेजस्वी यादव की मौजूदगी भी रही। सोनिया गांधी और लालू यादव के बीच लंबे समय से राजनीतिक और व्यक्तिगत संबंध रहे हैं। दोनों नेता यूपीए सरकार के दौरान सहयोगी के रूप में काम कर चुके हैं।