पोटका: पोटका विधानसभा क्षेत्र के डुमरिया प्रखंड की प्रमुख कोवालीडुमरिया मुख्य सड़क की जर्जर स्थिति को लेकर पोटका विधायक संजीव सरदार के संज्ञान लेने के बाद प्रशासन एक्शन में आया है। विधायक के निर्देश के बाद गुरुवार को निर्माणाधीन सड़क के क्षतिग्रस्त हिस्सों की मरम्मत का कार्य शुरू कर दिया गया।

सड़क की मरम्मत शुरू होने से क्षेत्र के ग्रामीणों में खुशी है। ग्रामीणों ने विधायक संजीव सरदार के प्रति आभार जताते हुए उम्मीद जताई कि जल्द ही क्षेत्र की अन्य खराब सड़कों की भी स्थिति सुधरेगी।

ग्रामीणों की परेशानी पर विधायक ने लिया तत्काल संज्ञान

भारी बारिश के कारण डुमरिया प्रखंड की कई सड़कों की स्थिति बेहद खराब हो गई है। इसी क्रम में केंदुआ पंचायत अंतर्गत सुशनीगड़िया गांव के समीप सड़क की हालत भी जर्जर हो गई थी।

सड़क की स्थिति की जानकारी मिलने के बाद विधायक संजीव सरदार ने बुधवार को संबंधित विभागीय अधिकारियों को तत्काल आवश्यक कार्रवाई करने और क्षतिग्रस्त सड़कों की मरम्मत कराने का निर्देश दिया था। इसके बाद विभाग ने बिना देरी किए मरम्मत कार्य शुरू कर दिया।

मुआवजा मिलते ही स्वीकृत सड़कों का भी शुरू होगा निर्माण

पोटका विधानसभा क्षेत्र में विधायक संजीव सरदार के प्रयास से कई महत्वपूर्ण सड़क योजनाओं को स्वीकृति मिल चुकी है। हालांकि, कुछ स्थानों पर रैयतों को अब तक जमीन का मुआवजा नहीं मिलने के कारण निर्माण कार्य शुरू नहीं हो सका है।

ग्रामीणों के अनुसार संबंधित रैयतों को मुआवजा मिलने के बाद जमीन से जुड़े मामलों का समाधान होगा और सड़क निर्माण का रास्ता साफ हो सकेगा।

ग्रामसभा के जरिए मुआवजा दिलाने की पहल

ग्रामीणों ने बताया कि जल्द ही ग्रामसभा आयोजित कर ग्राम प्रधान और संबंधित रैयतों के साथ बैठक की जाएगी। ग्रामसभा के माध्यम से मुआवजा संबंधी प्रक्रिया को आगे बढ़ाने की पहल की जाएगी।

ग्रामीणों का कहना है कि मुआवजा संबंधी मामलों का जल्द समाधान होने से विधायक के प्रयास से स्वीकृत सड़क योजनाओं का निर्माण भी शुरू किया जा सकेगा।

विकास कार्य में रुकावट नहीं आने देंगे : ग्रामीण

ग्रामीणों ने कहा कि विधायक संजीव सरदार लगातार क्षेत्र की सड़कों और बुनियादी सुविधाओं को लेकर सक्रिय हैं। कोवालीडुमरिया मुख्य मार्ग के क्षतिग्रस्त हिस्से की मरम्मत शुरू होना इसका उदाहरण है।

ग्रामीणों ने उम्मीद जताई कि मुआवजा संबंधी मामलों का समाधान होते ही बाकी स्वीकृत सड़क योजनाओं पर भी तेजी से काम शुरू होगा और क्षेत्र में आवागमन की सुविधा बेहतर होगी।