जामताड़ा:  निमाई मंडल शिक्षक दिवस के अवसर पर आगामी 05 सितंबर 2026 को सावित्री देवी डीएवी पब्लिक स्कूल, जामताड़ा में रक्तदान शिविर का आयोजन किया जाएगा। शिविर का आयोजन जामताड़ा जिला रक्त केंद्र के तत्वावधान में किया जा रहा है। इस दौरान इच्छुक एवं योग्य व्यक्ति स्वेच्छा से रक्तदान कर इस पुनीत कार्य में अपना योगदान दे सकते हैं।

रक्तदान के प्रति जागरूकता बढ़ाना उद्देश्य

शिविर को लेकर विद्यालय प्रबंधन की ओर से तैयारियां पूरी की जा रही हैं। आयोजन का मुख्य उद्देश्य लोगों में रक्तदान के प्रति जागरूकता बढ़ाना और जरूरतमंद मरीजों के लिए रक्त की उपलब्धता सुनिश्चित करने में सहयोग करना है।

दुर्घटना, गंभीर बीमारी, ऑपरेशन और अन्य चिकित्सकीय परिस्थितियों में अक्सर रक्त की जरूरत पड़ती है। ऐसे समय में रक्तदान करने वाले लोगों का योगदान किसी जरूरतमंद मरीज के लिए जीवनदायी साबित हो सकता है।

रक्तदान महादान, आपके रक्त से बच सकती है किसी की जिंदगी

विद्यालय के प्राचार्य डॉ. विजय कुमार ने कहा, “रक्तदान महादान है। हमारे द्वारा दिया गया रक्त किसी जरूरतमंद मरीज की जिंदगी बचाने में काम आ सकता है।उन्होंने स्वस्थ एवं इच्छुक लोगों से आगे बढ़कर रक्तदान करने की अपील की।

प्राचार्य ने कहा कि शिक्षक दिवस के अवसर पर आयोजित इस शिविर में अधिक से अधिक लोग पहुंचें, रक्तदान करें और समाज के प्रति अपनी जिम्मेदारी निभाएं।

रक्तदाताओं की नि:शुल्क होगी जांच

प्राचार्य डॉ. विजय कुमार ने बताया कि रक्तदान करने वाले व्यक्तियों की रक्त जांच नि:शुल्क की जाएगी। रक्तदान से जुड़ी सभी आवश्यक प्रक्रियाएं विशेषज्ञों की देखरेख में पूरी की जाएंगी।

उन्होंने कहा कि एक व्यक्ति का रक्तदान किसी जरूरतमंद परिवार के लिए उम्मीद की किरण बन सकता है। उन्होंने जिलेवासियों से अपील की कि 05 सितंबर को डीएवी पब्लिक स्कूल, जामताड़ा पहुंचकर रक्तदान शिविर में सहभागी बनें और मानव जीवन बचाने के इस नेक कार्य में अपना योगदान दें।