रांची: लोक आस्था के महापर्व छठ को लेकर रांची जिला प्रशासन ने तैयारियां तेज कर दी हैं। छठव्रतियों और श्रद्धालुओं को घाटों पर किसी तरह की परेशानी न हो, इसके लिए जिला दंडाधिकारी सह उपायुक्त मंजूनाथ भजन्त्री ने शनिवार को शहर के प्रमुख छठ घाटों का स्थलीय निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने साफ-सफाई, सुरक्षा, रोशनी, भीड़ प्रबंधन और श्रद्धालुओं की सुविधाओं को लेकर संबंधित अधिकारियों को जरूरी निर्देश दिए।

उपायुक्त ने कांके डैम, हटनिया तालाब (मछली घर), चड़री तालाब, बड़ा तालाब, धुर्वा डैम और डोरंडा स्थित बटन तालाब का जायजा लिया। उन्होंने छठ पूजा समितियों के पदाधिकारियों से भी बातचीत की और घाटों पर मौजूद समस्याओं तथा आवश्यक सुधारों की जानकारी ली।

छठ से पहले घाटों की सफाई पूरी करने का निर्देश

निरीक्षण के दौरान उपायुक्त ने नगर निगम के अधिकारियों को निर्देश दिया कि छठ पर्व से पहले सभी चिह्नित घाटों की साफ-सफाई पूरी कर ली जाए। घाटों की सीढ़ियों पर जमी काई हटाने, आवश्यकतानुसार डीडीटी का छिड़काव करने और जल की स्वच्छता बनाए रखने पर विशेष जोर दिया गया।

उन्होंने कहा कि छठ के दौरान घाटों पर सफाईकर्मियों की लगातार तैनाती होनी चाहिए, ताकि पूजा स्थलों पर गंदगी जमा न हो। श्रद्धालुओं को स्वच्छ वातावरण उपलब्ध कराना प्रशासन की प्राथमिकता है।

धुर्वा डैम पर सुरक्षा और आवागमन पर विशेष ध्यान

धुर्वा डैम के निरीक्षण के दौरान घाट पर लगी जाली के कारण श्रद्धालुओं के आने-जाने में संभावित परेशानी का मुद्दा सामने आया। भीड़ को देखते हुए उपायुक्त ने संबंधित अधिकारियों को आवागमन सुचारु रखने के लिए जरूरी कदम उठाने को कहा।

उन्होंने पूरे घाट क्षेत्र की सफाई, पर्याप्त रोशनी और अर्घ्य के बाद कपड़े बदलने के लिए महिलाओं एवं पुरुषों के अलग-अलग अस्थायी चेंजिंग रूम बनाने के निर्देश दिए। साथ ही एनडीआरएफ टीम को सुरक्षा और आपातकालीन व्यवस्था दुरुस्त रखने को कहा गया, ताकि किसी अप्रिय स्थिति में तत्काल कार्रवाई की जा सके।

सभी विभाग तय समय पर पूरी करें व्यवस्था

उपायुक्त ने नगर निगम, भवन निर्माण विभाग और अन्य संबंधित एजेंसियों को निर्देश दिया कि घाटों पर निर्धारित सुविधाएं समयसीमा के भीतर उपलब्ध करा दी जाएं। उन्होंने स्पष्ट किया कि छठव्रतियों और अर्घ्य देने वाले श्रद्धालुओं को किसी तरह की असुविधा नहीं होनी चाहिए।

निरीक्षण के दौरान विभिन्न छठ पूजा समितियों के सदस्यों ने अधिकारियों का अंगवस्त्र देकर स्वागत किया। प्रशासन ने समितियों से पर्व के आयोजन में सहयोग और आपसी समन्वय बनाए रखने की अपील की।

जतरा मेला के रास्ते से हटेगा अतिक्रमण

छठ घाटों के निरीक्षण के बाद उपायुक्त बारह पड़हा जतरा पूजा समिति, मिसिर गोंदा, कांके रोड भी पहुंचे। यहां उन्होंने जतरा मेला की तैयारियों पर समिति के सदस्यों के साथ चर्चा की।

मेला स्थल तक पहुंचने वाले रास्ते पर अतिक्रमण की शिकायत को गंभीरता से लेते हुए उन्होंने नगर निगम को तत्काल कार्रवाई कर मार्ग को बाधामुक्त बनाने का निर्देश दिया। इसका उद्देश्य श्रद्धालुओं की आवाजाही आसान बनाना और आयोजन के दौरान संभावित परेशानियों को दूर करना है।

पूजा समितियों से प्रशासन का सहयोग करने की अपील

उपायुक्त मंजूनाथ भजन्त्री ने सभी छठ महापर्व समितियों से जिला प्रशासन का सहयोग करने की अपील की। उन्होंने कहा कि प्रशासन सभी संबंधित एजेंसियों के साथ समन्वय बनाकर छठव्रतियों को सुरक्षित और सुविधाजनक माहौल देने का प्रयास कर रहा है। समितियों और प्रशासन के बीच बेहतर तालमेल से पर्व को सुचारु, सुरक्षित और व्यवस्थित तरीके से संपन्न कराया जा सकेगा।

निरीक्षण के दौरान अपर जिला दंडाधिकारी (विधि-व्यवस्था) धनंजय, ट्रैफिक एसपी राकेश सिंह, सदर अनुमंडल पदाधिकारी कुमार रजत, प्रशिक्षु आईएएस आस्था शरण, नजारत उप समाहर्ता डॉ. सुदेश कुमार सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी, स्थानीय थाना प्रभारी, पार्षद, शांति समिति के सदस्य और छठ पूजा समितियों के प्रतिनिधि मौजूद रहे।

  

जन शिकायत के लिए: रांची जिला प्रशासन ने अबुआ साथी का आधिकारिक व्हाट्सएप नंबर 9430328080 जारी किया है।