रामगढ़ जिले के सयाल-उरीमारी दामोदर पुल के पास आज एक दर्दनाक घटना सामने आई, जहां दोस्त को बचाने की कोशिश में एक युवक ने अपनी जान जोखिम में डाल दी। दामोदर नदी के तेज बहाव में एक युवक के छलांग लगाने के बाद उसका दोस्त भी उसे बचाने के लिए नदी में कूद गया। इस घटना में एक युवक को स्थानीय लोगों ने किसी तरह सुरक्षित बाहर निकाल लिया  जबकि दूसरा युवक अब भी लापता बताया जा रहा है।

जानकारी के अनुसार  सयाल निवासी संदीप नामक युवक ने किसी मामूली बात को लेकर दामोदर पुल से अचानक नदी में छलांग लगा दी। संदीप के नदी में कूदने के बाद उसके दोस्त प्रकाश दास ने उसे बचाने के लिए अपनी जान की परवाह किए बिना पुल से दामोदर नदी में छलांग लगा दी।

नदी में तेज बहाव होने के कारण प्रकाश दास भी पानी की धारा में बहने लगा। मौके पर मौजूद स्थानीय लोगों ने तत्परता दिखाते हुए किसी तरह प्रकाश को नदी से बाहर निकाला। इसके बाद उसे सुरक्षित बचा लिया गया।वहीं, नदी में छलांग लगाने वाले संदीप का काफी खोजबीन के बाद भी पता नहीं चल सका है बताया जा रहा है कि दोनों युवक सयाल क्षेत्र के रहने वाले हैं।

घटना के बाद इलाके में अफरा तफरी का माहौल बन गया। स्थानीय लोग लापता युवक की तलाश में जुटे रहे। दामोदर नदी में तेज बहाव के कारण खोजबीन में भी परेशानी होने की बात सामने आ रही है।

इस घटना ने एक ओर जहां दोस्ती की मिसाल पेश की, वहीं दूसरी ओर तेज बहाव वाली नदी में बिना सोचे-समझे छलांग लगाने के खतरनाक परिणाम को भी सामने ला दिया है। फिलहाल लापता संदीप की तलाश जारी है और उसके मिलने का इंतजार किया जा रहा है।