पोटका के डोमजूडी में श्रद्धा और उल्लास के साथ मनाया गया रथ यात्रा का दूसरा दिन
पोटका: पोटका प्रखंड के डोमजूडी (जादूगोड़ा)
गांव में शुक्रवार को भगवान जगन्नाथ महोत्सव के दूसरे दिन श्रद्धा और उत्साह का
अद्भुत संगम देखने को मिला। सार्वजनिक रथ यात्रा समिति के तत्वावधान में आयोजित
कार्यक्रम में भगवान जगन्नाथ, भगवान
बलभद्र और माता सुभद्रा की भव्य रथयात्रा पूरे विधि-विधान के साथ निकाली गई। रथयात्रा में क्षेत्र के दूर-दराज के
दर्जनों गांवों से हजारों श्रद्धालु शामिल हुए। "जय जगन्नाथ" के जयघोष
और पारंपरिक वाद्य यंत्रों की गूंज से पूरा डोमजूडी गांव भक्तिमय माहौल में डूब
गया। श्रद्धालुओं ने रथ की रस्सी खींचकर पुण्य लाभ अर्जित किया और भगवान के दर्शन
कर सुख-समृद्धि की कामना की। उपमुखिया जय
गोपाल दास ने बताया कि परंपरा के अनुसार भगवान जगन्नाथ, अपने भाई बलभद्र और बहन सुभद्रा के साथ
मदन मोहन मंदिर से निकलकर मौसीबाड़ी, नवदीप दास के घर पहुंचे हैं। यहां
भगवान अगले आठ दिनों तक विश्राम करेंगे,
जहां प्रतिदिन विशेष पूजा-अर्चना होगी। उन्होंने बताया कि
25 जुलाई को 'घुरती रथ यात्रा' के माध्यम से भगवान पुनः अपने मुख्य हरि मोहन मंदिर लौटेंगे। रथयात्रा के दौरान श्रद्धालुओं में गहरा
उत्साह देखने को मिला और पूरे गांव में धार्मिक उल्लास का वातावरण बना रहा।














