पोटका: नेपाल और तिब्बत सीमा क्षेत्र में आई भीषण बाढ़ के बाद मानसरोवर यात्रा पर गए भारत के 32 पर्यटकों के लापता होने की सूचना से हड़कंप मच गया है। लापता पर्यटकों में पूर्वी सिंहभूम जिले के पोटका प्रखंड अंतर्गत हल्दीपोखर निवासी 62 वर्षीय मानस कुमार घोष और उनकी पत्नी दीपाली सरकार भी शामिल हैं।

जानकारी के अनुसार, घोष दंपति कोलकाता से 32 सदस्यीय पर्यटक दल के साथ मानसरोवर यात्रा के लिए रवाना हुए थे। यात्रा का संचालन भारतीय एजेंसी छोलो जाई ट्रैवल्स और सम्राट टूर एंड ट्रैवल्स, नेपाल के माध्यम से किया जा रहा था।

बताया जा रहा है कि बाढ़ आने से ठीक पहले सुबह करीब 7:45 बजे नेपाल-तिब्बत सीमा पर स्थित इमिग्रेशन ऑफिस के पास मानस कुमार घोष और उनकी पत्नी को आखिरी बार देखा गया था। इसके बाद से दोनों का परिवार से संपर्क पूरी तरह टूट गया है।

परिवार में चिंता का माहौल

घटना की जानकारी मिलने के बाद हल्दीपोखर में घोष दंपति के परिजनों और परिचितों में चिंता का माहौल है। शिक्षक अरुण सरकार समेत अन्य परिजन उनकी सुरक्षा को लेकर गहरे सदमे में हैं और लगातार दोनों के सकुशल लौटने की उम्मीद लगाए हुए हैं।

परिजनों के मुताबिक, मानस कुमार घोष और दीपाली सरकार के बारे में फिलहाल कोई पुख्ता जानकारी नहीं मिल सकी है। परिवार प्रशासन और संबंधित एजेंसियों से लगातार संपर्क कर रहा है।

32 सदस्यीय दल में कई लोग शामिल

बताया गया है कि 32 सदस्यीय इस पर्यटक दल में पूर्व मंत्री मुकुल राय की पुत्रवधू समेत कई अन्य पर्यटक भी शामिल हैं। बाढ़ के बाद पर्यटकों से संपर्क टूटने की खबर ने उनके परिजनों की चिंता बढ़ा दी है।

परिजनों ने प्रशासन और संबंधित ट्रैवल एजेंसियों से लापता पर्यटकों का जल्द पता लगाने और राहत-बचाव अभियान तेज करने की मांग की है।

जानकारी मिलने पर परिजनों को दें सूचना

परिजनों ने लोगों से अपील की है कि यदि किसी व्यक्ति को मानस कुमार घोष और दीपाली सरकार के संबंध में कोई जानकारी मिलती है, तो वह तत्काल परिवार को सूचित करे।

नोट:- परिजनों ने अपील की है कि मानस कुमार घोष और दीपाली सरकार के संबंध में किसी को भी कोई जानकारी मिले तो इन मोबाइल नंबरों पर तत्काल सूचना दें  +91 9051348866, +91 8486841390, +91 6295978168, +91 8861158886