कोडरमा: कोडरमा जिले के डोमचांच थाना क्षेत्र अंतर्गत पारडीह बगड़ो गांव में शनिवार दोपहर खेत की जुताई के दौरान ट्रैक्टर पलटने से एक युवक की मौत हो गई। हादसे में युवक ट्रैक्टर के नीचे दब गया। ग्रामीणों ने उसे बाहर निकालकर अस्पताल पहुंचाया, लेकिन चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया।

खेत की जुताई के दौरान हुआ हादसा

मृतक की पहचान सुधीर यादव (25 वर्ष), पिता राजू यादव, निवासी पारडीह बगड़ो के रूप में हुई है। मृतक के चाचा अशोक यादव ने बताया कि शनिवार दोपहर सुधीर अपने खेत में ट्रैक्टर से जुताई कर रहा था।

इसी दौरान ट्रैक्टर खेत के कीचड़ में फंस गया। उसे निकालने के प्रयास में ट्रैक्टर अचानक असंतुलित होकर पलट गया।

ट्रैक्टर के नीचे दबने से गई जान

ट्रैक्टर पलटते ही सुधीर उसका संतुलन खो बैठा और इंजन के नीचे दब गया। आसपास मौजूद किसानों ने तुरंत मौके पर पहुंचकर काफी मशक्कत के बाद उसे बाहर निकाला।

इसके बाद घायल अवस्था में उसे तत्काल सदर अस्पताल ले जाया गया, लेकिन अस्पताल पहुंचने से पहले ही उसकी मौत हो चुकी थी।

परिवार पर टूटा दुखों का पहाड़

सुधीर यादव विवाहित था और उसके परिवार में पत्नी के अलावा एक छोटा बेटा भी है। हादसे के बाद पूरे गांव और परिवार में शोक का माहौल है।