सरायकेला-खरसावां: जिले के कांड्रा क्षेत्र में भगवान जगन्नाथ की भव्य रथयात्रा श्रद्धा, आस्था और उल्लास के साथ निकाली गई। वर्षों पुरानी धार्मिक परंपरा को निभाते हुए आयोजित इस रथयात्रा में कांड्रा सहित आसपास के कई क्षेत्रों से बड़ी संख्या में श्रद्धालु शामिल हुए।

भगवान जगन्नाथ, भगवान बलभद्र और माता सुभद्रा की सुसज्जित प्रतिमाओं को भव्य रथ पर विराजमान कर विधि-विधान के साथ यात्रा की शुरुआत की गई। रथ के दर्शन और उसे खींचने के लिए श्रद्धालुओं की भारी भीड़ उमड़ पड़ी। पूरे यात्रा मार्ग में "जय जगन्नाथ" के जयघोष से वातावरण भक्तिमय हो गया।

रथयात्रा में महिला, पुरुष, बच्चे और बुजुर्ग सभी उत्साह के साथ शामिल हुए। श्रद्धालुओं ने भगवान जगन्नाथ के रथ की रस्सी खींचकर आशीर्वाद प्राप्त किया और क्षेत्र की सुख-समृद्धि एवं खुशहाली की कामना की।

आयोजन के दौरान सुरक्षा और व्यवस्था के पुख्ता इंतजाम किए गए थे। रथ यात्रा कमेटी के विजय महतो ने बताया कि इस वर्ष भगवान जगन्नाथ नए रथ पर सवार होकर भक्तों को दर्शन दे रहे हैं। वहीं ग्राम विकास समिति की ओर से श्रद्धालुओं के लिए खीर भोग की व्यवस्था की गई, जिसका भक्तों ने प्रसाद के रूप में ग्रहण किया।

रथयात्रा को सफल बनाने में समिति के पूर्व मुखिया होनी सिंह मुंडा, लालबाबू महतो, राहुल महतो, रंजीत मोदक, मुन्ना मंडल, सीमांत घटवारी, बाबू सरदार, दिलीप दे, सुबोध सिंह, भोलू महतो, कामदेव महतो, महावीर सिंह, मानसा महतो, रवि महतो, मधु गोराई और राहुल रजक सहित कई लोगों का महत्वपूर्ण योगदान रहा।

कांड्रा में निकली यह रथयात्रा केवल धार्मिक आयोजन ही नहीं बल्कि आस्था, एकता और सामाजिक सौहार्द का प्रतीक भी बनी। पूरे क्षेत्र में दिनभर उत्सव और भक्ति का माहौल देखने को मिला।