बड़कागांव में श्रद्धा और उल्लास के साथ निकली भगवान जगन्नाथ की भव्य रथयात्रा, रथ खींचने उमड़े हजारों श्रद्धालु
हजारीबाग :
बड़कागांव के राम-जानकी मंदिर से भगवान
जगन्नाथ, भगवान बलभद्र और माता सुभद्रा की भव्य रथयात्रा गुरुवार को
श्रद्धा, भक्ति और उल्लास के साथ निकाली गई। रथयात्रा में हजारों
श्रद्धालु शामिल हुए और महाप्रभु का रथ खींचकर पुण्य लाभ अर्जित किया। पूरे नगर
में "जय जगन्नाथ" के जयघोष से वातावरण भक्तिमय बना रहा। सुबह
से ही श्रद्धालु भगवान जगन्नाथ, बलभद्र और माता सुभद्रा की पूजा-अर्चना के लिए राम-जानकी मंदिर
पहुंचने लगे। श्रद्धालुओं ने परिवार की सुख-समृद्धि और खुशहाली की कामना करते हुए
विधि-विधान से पूजा की। रथयात्रा
के अवसर पर मंदिर परिसर में भव्य मेले का आयोजन किया गया, जहां मिठाइयों सहित
विभिन्न प्रकार की दुकानों पर लोगों की भीड़ उमड़ी रही। धार्मिक मान्यता के अनुसार
रथयात्रा के दिन मिठाई खरीदकर घर ले जाना शुभ माना जाता है। शाम
को भगवान जगन्नाथ, भगवान बलभद्र और माता सुभद्रा को सुसज्जित रथ पर विराजमान कर
नगर भ्रमण कराया गया। रथ राम-जानकी मंदिर से निकलकर मुख्य चौक, दैनिक
बाजार, कुशवाहा मोहल्ला और सूर्य मंदिर होते हुए हजारीबाग रोड स्थित रेंज ऑफिस प्रेम नगर मौसीबाड़ी पहुंचा। पूरे मार्ग में श्रद्धालु "जय जगन्नाथ" के
जयकारे लगाते हुए रथ की रस्सी खींचते रहे। मौसीबाड़ी
पहुंचने पर श्रद्धालुओं ने भगवान की आरती उतारी और विधिवत पूजा-अर्चना कर उनका
स्वागत किया। धार्मिक परंपरा के अनुसार भगवान जगन्नाथ, बलभद्र और माता
सुभद्रा अब नौ दिनों तक मौसीबाड़ी में विराजमान रहेंगे। रथयात्रा
को शांतिपूर्ण और सुरक्षित ढंग से संपन्न कराने के लिए थाना प्रभारी दीपक
कुमार सिंह के नेतृत्व में पूरे रथ मार्ग,
मंदिर परिसर और मेला क्षेत्र में
पर्याप्त पुलिस बल तैनात किया गया था। थाना प्रभारी स्वयं लगातार भ्रमण कर सुरक्षा
व्यवस्था का जायजा लेते रहे। इस
अवसर पर पूर्व विधायक अंबा प्रसाद भी रथयात्रा में
शामिल हुईं। उन्होंने श्रद्धालुओं के साथ रथ खींचकर भगवान जगन्नाथ का आशीर्वाद
प्राप्त किया और सभी क्षेत्रवासियों को रथयात्रा की शुभकामनाएं दीं। रथयात्रा
में बड़कागांव और आसपास के क्षेत्रों से बड़ी संख्या में श्रद्धालु शामिल हुए।
पूरे आयोजन के दौरान क्षेत्र में श्रद्धा,
उत्साह और धार्मिक आस्था का माहौल बना
रहा।














