Jhansi News: जिंदा चूहे को पेट्रोल डालकर जलाया, वीडियो वायरल होने पर तीन आरोपी गिरफ्तार
झांसी: झांसी में पशु क्रूरता की एक विचलित करने वाली घटना सामने आई है। चार युवकों पर एक जिंदा चूहे को रस्सी से बांधकर उस पर पेट्रोल छिड़कने और आग लगाने का आरोप है। हैरानी की बात यह है कि आरोपियों ने इस पूरी घटना का वीडियो भी बनाया, जो सोशल मीडिया पर वायरल हो गया। वीडियो सामने आने के बाद पुलिस ने कार्रवाई करते हुए चार युवकों के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया है। इनमें से तीन आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया गया है, जबकि एक की तलाश जारी है। मामला उत्तर प्रदेश के झांसी शहर के कोतवाली थाना क्षेत्र के ओरछा गेट और कसाई मंडी इलाके का बताया जा रहा है। आरोप है कि चार युवकों ने एक चूहे को रस्सी से बांधा और उस पर पेट्रोल डालकर आग लगा दी। इस दौरान घटना का वीडियो भी रिकॉर्ड किया गया, जिसे बाद में सोशल मीडिया पर साझा किया गया। वीडियो वायरल होने के बाद पुलिस ने मामले का संज्ञान लिया। आरोपियों की पहचान जुनैद कुरैशी, जीशान कुरैशी, आशिफ कुरैशी और शफीक के रूप में हुई है। पुलिस ने चारों के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 325 के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। पुलिस के मुताबिक, मामले में तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया जा चुका है, जबकि एक आरोपी अभी फरार है। सर्किल ऑफिसर (सिटी) प्रिया सिंह ने बताया कि प्रकरण की जांच की जा रही है और नियमानुसार आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी। चूहे के साथ कथित क्रूरता का वीडियो सामने आने के बाद सोशल मीडिया पर लोगों ने नाराजगी जताई है। घटना ने बेजुबान जीवों के प्रति संवेदनशीलता और पशु क्रूरता के मामलों में सख्त कार्रवाई की जरूरत को लेकर बहस छेड़ दी है।सोशल मीडिया पर वायरल हुआ वीडियो
चार युवकों के खिलाफ मुकदमा दर्ज
तीन गिरफ्तार, एक की तलाश जारी
घटना को लेकर सोशल मीडिया पर नाराजगी















