जामताड़ा: नगर स्थित सेंट एंथोनी विद्यालय, जामताड़ा में महान स्वतंत्रता सेनानी एवं अमर शहीद खुदीराम बोस की पुण्यतिथि श्रद्धा और सम्मान के साथ मनाई गई। इस अवसर पर विद्यालय परिसर में श्रद्धांजलि सभा का आयोजन किया गया। कार्यक्रम की शुरुआत शहीद खुदीराम बोस के चित्र पर माल्यार्पण और पुष्पांजलि अर्पित कर की गई।

विद्यालय के मुख्य संरक्षक डॉ. दुर्गा दास भंडारी, निदेशक डॉ. चंचल भंडारी, प्राचार्य लारेब खान, उप प्राचार्य उत्पल मंडल, विजन-ई सेक्रेटरी अपर्णा भंडारी, शिक्षक-शिक्षिकाओं और विद्यार्थियों ने शहीद के चित्र पर पुष्प अर्पित कर उन्हें श्रद्धांजलि दी।

विद्यार्थियों को बताया खुदीराम बोस का जीवन और संघर्ष

श्रद्धांजलि कार्यक्रम के दौरान विद्यार्थियों को खुदीराम बोस के जीवन, संघर्ष, त्याग और अदम्य साहस के बारे में जानकारी दी गई। वक्ताओं ने उनके देशप्रेम और बलिदान से प्रेरणा लेने की अपील करते हुए विद्यार्थियों को राष्ट्र के प्रति अपने कर्तव्यों का निष्ठापूर्वक निर्वहन करने का संदेश दिया।

विद्यालय के मुख्य संरक्षक डॉ. दुर्गा दास भंडारी ने खुदीराम बोस के जीवन और देशभक्ति पर प्रकाश डालते हुए कहा कि उनका साहस, त्याग और राष्ट्रप्रेम युवा पीढ़ी के लिए हमेशा प्रेरणास्रोत रहेगा।

‘खुदीराम बोस का बलिदान युवाओं के लिए प्रेरणादायी’

विद्यालय के निदेशक डॉ. चंचल भंडारी ने श्रद्धासुमन अर्पित करते हुए कहा कि देश की स्वतंत्रता के लिए अनेक वीरों ने अपना सर्वस्व न्योछावर किया, जिनमें खुदीराम बोस का नाम स्वर्णाक्षरों में अंकित है।

उन्होंने कहा कि कम उम्र में ही देश की स्वतंत्रता के लिए सर्वोच्च बलिदान देने वाले खुदीराम बोस का जीवन आज भी युवाओं को देशप्रेम और राष्ट्रसेवा की प्रेरणा देता है।

ऐसे आयोजन विद्यार्थियों में देशभक्ति की भावना मजबूत करते हैं

कार्यक्रम के अंत में विद्यालय के प्राचार्य लारेब खान ने सभी उपस्थित लोगों के प्रति आभार व्यक्त करते हुए धन्यवाद ज्ञापन किया। उन्होंने कहा कि इस तरह के आयोजन विद्यार्थियों में देशभक्ति, राष्ट्रप्रेम और महान स्वतंत्रता सेनानियों के आदर्शों के प्रति सम्मान की भावना को मजबूत करते हैं।

कार्यक्रम में विद्यालय के शिक्षक-शिक्षिकाओं और विद्यार्थियों समेत पूरा विद्यालय परिवार मौजूद रहा।