जामताड़ा: साइबर अपराध के खिलाफ जामताड़ा पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए दो कथित साइबर अपराधियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस अधीक्षक शंभु कुमार सिंह को मिली गुप्त सूचना के आधार पर मिहिजाम थाना क्षेत्र के चरकापहाड़ी मोड़ के पास छापेमारी की गई। पुलिस निरीक्षक सह थाना प्रभारी राजेश मंडल के नेतृत्व में गठित टीम ने दोनों आरोपियों को मौके से गिरफ्तार किया।

गिरफ्तार आरोपियों की पहचान मुस्ताक अंसारी (23), पिता समसुद्दीन मियां, निवासी शहरपुरा, थाना जामताड़ा और मु. आमजाद अंसारी (41), पिता आजाद अंसारी, निवासी जियाजोरी, थाना मिहिजाम, जिला जामताड़ा के रूप में हुई है।

तीन मोबाइल और तीन सिम कार्ड बरामद

छापेमारी के दौरान पुलिस ने आरोपियों के पास से तीन मोबाइल फोन और तीन सिम कार्ड बरामद किए हैं। पुलिस के अनुसार, दोनों आरोपी मोबाइल फोन और दूसरे लोगों के नाम पर जारी सिम कार्ड कथित रूप से फर्जी तरीके से प्राप्त कर साइबर ठगी की घटनाओं को अंजाम देते थे।

पुलिस ने यह भी बताया कि आरोपी कुछ साइबर अपराधियों से गिफ्ट वाउचर आधी कीमत पर प्राप्त करते थे और उन वाउचरों के जरिए सामान की खरीदारी करते थे। पुलिस के मुताबिक, आरोपियों की साइबर अपराध से जुड़ी गतिविधियां देश के विभिन्न राज्यों तक फैली हुई थीं।

साइबर अपराध थाना में मामला दर्ज

इस मामले में साइबर अपराध थाना कांड संख्या 54/26, दिनांक 4 सितंबर 2026 दर्ज किया गया है। पुलिस ने बीएनएस 2023, आईटी एक्ट और टेलीकम्युनिकेशंस एक्ट 2023 की संबंधित धाराओं के तहत प्राथमिकी दर्ज कर आगे की कार्रवाई शुरू कर दी है।

छापेमारी दल में पुलिस निरीक्षक सह थाना प्रभारी राजेश मंडल, पुलिस निरीक्षक प्रशांत कुमार, पुलिस निरीक्षक मनीष कुमार गुप्ता, पुलिस अवर निरीक्षक हीरालाल महतो समेत साइबर अपराध थाना और रिजर्व गार्ड के आरक्षी व हवलदार शामिल थे।