जामताड़ा। परिवहन विभाग झारखंड एवं उपायुक्त सह जिला दंडाधिकारी आलोक कुमार के निर्देश पर जिले में चलाए जा रहे विशेष ड्राइविंग लाइसेंस अभियान के तहत मंगलवार को नारायणपुर प्रखंड के पबिया पंचायत भवन में आयोजित दो दिवसीय विशेष शिविर का सफलतापूर्वक समापन हुआ। शिविर के दूसरे एवं अंतिम दिन कुल 200 लोगों ने ड्राइविंग लाइसेंस के लिए आवेदन किया।

परिवहन विभाग द्वारा सभी आवेदनों की आवश्यक दस्तावेजों के आधार पर जांच एवं सत्यापन किया गया। इसके बाद आयोजित लर्निंग ड्राइविंग लाइसेंस टेस्ट में 138 आवेदक सफल रहे, जिन्हें मौके पर ही लर्निंग ड्राइविंग लाइसेंस जारी कर दिया गया। वहीं 62 आवेदक निर्धारित परीक्षा में सफल नहीं हो सके।

शिविर में स्थानीय लोगों ने उत्साहपूर्वक भाग लेते हुए निर्धारित प्रक्रिया के अनुसार अपने आवेदन जमा किए। जिला परिवहन पदाधिकारी मुकेश कुमार ने बताया कि उपायुक्त के मार्गदर्शन में जिले के सभी प्रखंडों एवं पंचायतों में पूर्व निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार चरणबद्ध तरीके से ऐसे विशेष शिविर आयोजित किए जा रहे हैं।

उन्होंने लोगों से अपील की कि वे निर्धारित तिथि पर आवश्यक दस्तावेजों के साथ शिविर में पहुंचकर इस सुविधा का लाभ उठाएं। उन्होंने कहा कि इस अभियान का उद्देश्य अधिक से अधिक लोगों को वैध ड्राइविंग लाइसेंस उपलब्ध कराना तथा सड़क सुरक्षा के प्रति जागरूकता बढ़ाना है।