हवा में टूटा विमान! यात्रियों पर गिरा छत का हिस्सा, अफरा तफरी के बीच बाल बाल टला बड़ा हादसा
मशहद: ईरान में मंगलवार, 15 सितंबर 2026 को एक बड़ा विमान हादसा टल गया। मशहद से केरमानशाह जा रहे Sepehran Airlines के Boeing 737 विमान को टेकऑफ के कुछ ही देर बाद तकनीकी समस्या के चलते वापस मशहद एयरपोर्ट लौटना पड़ा। इस दौरान विमान में तेज कंपन हुआ और केबिन के कुछ हिस्से क्षतिग्रस्त होकर यात्रियों के ऊपर गिरने लगे। रिपोर्टों के मुताबिक, विमान के उड़ान भरने के तुरंत बाद उसके लैंडिंग गियर के एक टायर के फटने या अलग होने की घटना हुई। इसके बाद विमान में इंजन से जुड़ी समस्या की सूचना सामने आई और विमान में तेज कंपन होने लगा। हालांकि, घटना के सटीक कारण की आधिकारिक जांच अभी जारी है। तेज कंपन का असर विमान के अंदर भी दिखाई दिया। केबिन के ओवरहेड बिन खुल गए और कुछ सामान नीचे गिरने लगा। इसके अलावा केबिन की छत की अंदरूनी परत के कुछ हिस्से भी टूटकर नीचे आ गए। सोशल मीडिया पर सामने आए वीडियो में यात्रियों को घबराते और प्रार्थना करते हुए देखा जा सकता है। स्थिति को देखते हुए चालक दल ने इमरजेंसी घोषित की और विमान को वापस मशहद एयरपोर्ट की ओर मोड़ दिया। विमान ने सुरक्षित लैंडिंग की। उपलब्ध रिपोर्टों के अनुसार, विमान में सवार यात्रियों और क्रू मेंबर्स में किसी के घायल होने की सूचना नहीं है। रिपोर्टों के अनुसार, यात्रियों को सुरक्षित विमान से उतारा गया और आगे की यात्रा के लिए वैकल्पिक व्यवस्था की गई। घटना के बाद विमान और तकनीकी खराबी की जांच की जा रही है। घटना से जुड़े वीडियो में विमान के अंदर अफरा-तफरी का माहौल दिखाई दे रहा है। तेज कंपन के कारण केबिन की छत की लाइनिंग और कुछ आंतरिक हिस्से नीचे गिरते नजर आते हैं। वीडियो को ईरानी मीडिया में भी प्रसारित किया गया है।टेकऑफ के बाद विमान में आई तकनीकी खराबी
पायलटों ने घोषित की इमरजेंसी, मशहद में सुरक्षित लैंडिंग
सोशल मीडिया पर वायरल हुआ वीडियो















